डांडिया कार्यक्रम का विरोध, अश्लीलता फैलाने का आरोप

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)शहर के लालगेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सामने एक गेस्ट हाउस में चल रहे डांडिया कार्यक्रम को लेकर रविवार की रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच विवाद हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में अश्लील गीत बजाने और अनुचित प्रदर्शन किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गेस्ट हाउस में स्थानीय स्तर पर डांडिया नाइट का आयोजन किया गया था। जैसे ही कार्यक्रम में तेज आवाज में फिल्मी और अश्लील गाने बजने लगे, इसकी जानकारी बजरंग दल के पदाधिकारियों को मिली। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आयोजन स्थल पर नारेबाजी करते हुए विरोध करने लगे। बजरंग दल नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकार के आयोजनों में धार्मिक परंपराओं की आड़ में अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो समाज में गलत संदेश देता है। उनका कहना था कि यदि गरबा या डांडिया जैसे धार्मिक आयोजनों में भक्ति गीतों के साथ भारतीय परिधान में कार्यक्रम किए जाएं तो किसी को आपत्ति नहीं होगी।
कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को अनुमति न दी जाए, जो धार्मिक स्वरूप को धूमिल करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस तरह के आयोजन जारी रहे, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
कार्यक्रम के संयोजक संजय बाथम पर इससे पहले भी गरबा कार्यक्रमों में अश्लीलता फैलाने के आरोप लग चुके हैं। पिछले वर्ष भी इन्हीं कारणों से प्रशासन ने उनके कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। विवाद बढ़ने पर थाना कादरी गेट प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं को गेस्ट हाउस में प्रवेश से रोक दिया।