फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काटिना मानिकपुर,पोस्ट कान्हेपुर निवासी ज्ञान प्रताप ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। ज्ञान प्रताप ने दर्ज एफआईआर में बताया कि 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे की भाई गीतम केले बेचकर घर लौट रहा था। गली संकरी होने के कारण उसकी ठेली गलती से गांव के ही अजब सिंह से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि अजब सिंह और उसके साथी सोबरन सिंह पत्नी राममूर्ति ने मिलकर गीतम पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया।हमले में गीतम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार, उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है और दो पसलियां टूट गईं। शोरगुल सुनकर गांव के ही नरेन्द्र पुत्र रामचंद्र और
बब्लू पुत्र रामऔतार मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल गीतम की जान बचाई।
घटना के बाद आरोपी पक्ष ने जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। घायल गीतम को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ और पसलियों में फ्रैक्चर की पुष्टि की।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और चिकित्सीय रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ठेली टकराने में युवक की पिटाई, हाथ व पसलियां टूटीं



