फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आज़ाद नगर निवासी स्वर्गीय वदन सिंह के 19 वर्षीय पुत्र अमित की बीती रात सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया व पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार अमित संकिसा रोड स्थित बाजार से
खरीदारी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे निजी वाहन से एक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज
दिया है। बताया गया कि अमित मजदूरी करता था और आठ भाइयों में सातवें नंबर पर था। युवक की मौत से उसकी मां कुशमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे कस्बा प्रभारी विनोद कुमार ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। वहीं ट्रैक्टर चालक
उपेंद्र कुमार पुत्र काशीराम, निवासी नगला मोती, ने बताया कि वह फर्रुखाबाद स्थित तिरुपति कोल्ड स्टोरेज से आलू उतारकर लौट रहा था। उसका कहना है कि बाजार क्षेत्र में एक अज्ञात कार की टक्कर से अमित ट्रैक्टर पर गिर गया, जिससे हादसा हुआ।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत



