फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कादरीगेट थाना क्षेत्र के सातनपुर निवासी सीता पत्नी कलेक्टर ने मोहम्मदाबाद थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर टेंपो चालक पर बैग वापस न करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार 26 फरवरी को वह थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के तकीपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर से सुबह लगभग 11:45 बजे टेंपो से मोहम्मदाबाद आई थीं। यात्रा के दौरान उनका पालीथीन में रखा बैग टेंपो में ही छूट गया।
सीता ने बताया कि बैग में लगभग 20 हजार रुपये नकद, सोने के झाले, सोने का पेंडिल तथा चांदी का कमरकंद रखा हुआ था। बैग छूटने की जानकारी होने पर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा संपर्क करने पर टेंपो चालक ने पहले सामान लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में देने से इंकार कर दिया। कोतवाली मोहम्मदाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता का प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टेंपो में छूटा जेवरात व नकदी से भरा बैग, चालक पर लौटाने से इंकार का आरोप



