जादू के जरिए तंबाकू मुक्ति का संदेश, सीएचसी में जागरूकता कार्यक्रम

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) तंबाकू का सेवन केवल एक आदत नहीं, बल्कि शरीर को अंदर से खोखला करने वाला धीमा जहर है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति फर्रुखाबाद की ओर से मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जादूगर दिनेश कौशल एंड पार्टी ने अपने हैरतअंगेज करतबों के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक जादू के प्रदर्शन से हुई, जिसने वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों का ध्यान खींच लिया। जादूगर दिनेश कौशल ने अपने खेल के जरिए बताया कि कैसे तंबाकू और धूम्रपान इंसान को कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों की ओर ले जाते हैं। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से इस लत को छोड़ा जा सकता है।
डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन करने वाला व्यक्ति न केवल खुद को बल्कि अपने परिवार को भी खतरे में डालता है। उन्होंने सभी से तंबाकू मुक्त समाज बनाने की अपील की। वहीं डॉ. अमरेश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला और मनोरंजन के माध्यम से दिया गया संदेश लोगों के मन पर गहरा प्रभाव छोड़ता है। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल कर्मियों नें लोगों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू छोड़ने के आसान और व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इस मौके पर बड़ी संख्या में अस्पताल स्टाफ, मरीज और स्थानीय लोग मौजूद रहे|