चार्जर चोरी के आरोप में युवक को उतारा था मौत के घाट, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। मृतक के पिता प्रेमचंद्र कठेरिया की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
परिजनों के अनुसार, 11 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे गांव के ही राजवीर बाथम के पुत्र अजीत और कलक्टर बाथम के पुत्र राजेश ने राजेश कठेरिया पर ई-रिक्शा की बैटरी का चार्जर चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि दोनों ने जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट की और उसे घर के पास से एक पिकअप गाड़ी में बैठाकर ले गए।
घटना के बाद राजेश घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर सामने आने पर परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर पहचान की, जहां पुष्टि हुई कि शव राजेश कठेरिया का ही था।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में आरोपी राजेश बाथम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अजीत बाथम फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।