गैस एजेंसी का डीएम-एसपी नें किया औचक निरीक्षण, समयबद्ध आपूर्ति के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की बुकिंग, डिलीवरी व्यवस्था तथा स्टॉक रजिस्टर का गहन परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालक से प्रतिदिन मिलने वाले गैस सिलेंडरों की संख्या और उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और लंबित बुकिंग की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ऑनलाइन बुकिंग ही स्वीकार की जाए और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने एजेंसी परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए और परिसर में अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील अवस्था में उपलब्ध रहें।