गंगा से निकला 12 फीट लंबा मगरमच्छ, चार घंटे की मसक्कत के बाद पकड़ा

फर्रुखाबाद:(कम्पिल संवाददाता) क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 12 फीट लंबा मगरमच्छ गंगा नदी से निकलकर गांव के मुहाने तक पहुंच गया। देर शाम ग्रामीणों ने उसे गंगा किनारे लेटा देखा था। सूचना फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी राजीव कुमार के निर्देश पर वन क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजा गया। रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया, जो लगभग चार घंटे तक चला।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मगरमच्छ बार-बार पानी से बाहर आ रहा था और फिर अंदर चला जा रहा था, जिससे उसे पकड़ने में

काफी दिक्कतें आईं। रात का अंधेरा और मगरमच्छ का विशाल आकार भी चुनौती बना रहा। कड़ी मशक्कत और ग्रामीणों के सहयोग से आखिरकार टीम उसे सुरक्षित पकड़ने में सफल रही।
डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़कर बस्ती से दूर एक सुरक्षित स्थान पर उसके वातवरण में छोड़ दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में फैली दहशत समाप्त हो गई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।