गंगा में उफान, खतरे के निशान के करीब

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) पहाड़ों पर हुई घमासान बारिश के बाद गंगा में भी उफान आ गया है| जिससे गंगा की जद में आनें वाले गांवों में पानी दाखिल भी हो गया है| कई गाँव के मुहानें पर बाढ़ का पानी आ गया है| जिससे ग्रामीणों के माथे पर बल नजर आ रहा है|
दरअसल गंगा में उफान से तटवर्ती गांवों में कटान तेजी से हो रहा है| तहसील अमृतपुर के तीसराम मढैया, अम्बरपुर, गौटिया, भुडिया भेडा, कंचनपुर सबलपुर, जमापुर, भूडन की मढैया, बरुआ, चित्रकूट आदि कई गाँव गंगा के रौद्र रूप की जद में आ गये हैं| चित्रकूट,इमादपुर सोमवंशी, नगरिया जबाहर, भुडिया भेडा भूडन की मढैया में तो पानी गाँव के भीतर दाखिल हो गया है|
गंगा का जल स्तर
बीते लगभग 16 घंटे में गंगा का पानी लगभग 10 सेमी. बढ़ गया है| बीते दिन मंगलवार को शाम 4 बजे सिंचाई खंड फर्रुखाबाद के अनुसार गंगा का जल स्तर 136.85 मीटर दर्ज किया गया था| वहीं बुधवार को सुबह 8 बजे गंगा का जल स्तर 136.95 मीटर पर दर्ज किया गया| वहीं नरौरा बाँध से गंगा में 115180 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| जिससे गंगा का जल स्तर और बढ़ने के आसार हैं|