खतरे के निशान पर रामगंगा, गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से 20 सेमी. ऊपर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा के सैलाब में बीते दिन से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं रामगंगा खतरे के निशान पर आ गयीं हैं| जिससे रामगंगा की जद में आनें वाले गाँव प्रभावित होंगे| फिलहाल अभी तक लगभग 137 गाँव बाढ़ की चपेट में है|
दरअसल सुबह गंगा का जल स्तर 137.35 मीटर सुबह आठ बजे दर्ज किया गया था| जबकि शाम 4 बजे जल स्तर 137.30 मीटर पर आ गया, यानि गंगा का जल स्तर आठ घंटे में 5 सेमी. घट गया| वहीं रामगंगा में सुबह 8 बजे जल स्तर 137.00 मीटर पर दर्ज किया गया था| लेकिन शाम को 4 बजे जल का स्तर 137.10 मीटर पर आ गया| गंगा व रामगंगा का खतरे का निशान 137.10 मीटर पर दर्ज है| सोमवार को गंगा में नरौरा बांध से 128716 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| रामगंगा में खो-हरेली व रामनगर बैराज से 22441 क्यूसेक पानी छोड़ा गया|