लखनऊ:(ब्यूरो) यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष के लिए आज लखनऊ कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। केवल एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया है और ये नामांकन पंकज चौधरी का है।
यूपी की महराजगंज सीट से लोकसभा सांसद पंकज चौधरी ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पार्टी दफ्तर में नामांकन दाखिल कर दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ उनके नामांकन पत्र में प्रस्तावक बने हैं। ऐसे में यूपी बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर पंकज चौधरी के नाम का ऐलान अब केवल औपचारिकता भर रह गया है। रविवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पंकज चौधरी के नाम का ऐलान करेंगे। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सांसदों और विधायकों को लखनऊ पहुंचने के निर्देश पहले ही दे दिए गए थे। नामांकन से पहले ही यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इशारों-इशारों में पंकज की दावेदारी पुख्ता कर दी थी।
बीजेपी अध्यक्ष बनने वाले चौथे कुर्मी नेता होंगे पंकज चौधरी
अगर पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष चुना जाता है, तो वे इस पद तक पहुंचने वाले चौथे कुर्मी नेता होंगे। उनसे पहले ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार और स्वतंत्रदेव सिंह भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
पंकज चौधरी के नामांकन में कौन-कौन बना प्रस्तावक?
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार पंकज चौधरी ने चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन में 10 ये प्रस्तावक रहे-
असीम अरुण,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,केशव प्रसाद मौर्य,ब्रजेश पाठक,स्मृति ईरानी,सूर्यप्रताप सिंह, शाही,स्वतंत्र देव सिंह,दारा सिंह चौहान, एके शर्मा व कमलेश पासवान|
केंद्रीय मंत्री पंकज भाजपा उत्तर प्रदेश के नए चौधरी



