कानपुर से भी घायल मुनीम घर वापस, पैर में पांच दिन से धसी है गोली

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बीते पांच दिन पूर्व सराफा व्यापारी के मुनीम के साथ बदमाशों नें लूट की घटना को अंजाम देकर जांघ में गोली मारी थी| जिसके बाद से घायल का लगातार अस्पताल बदल रहा है| बीते दिन कानपुर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया, वहां से भी दवा देकर उसे घर भेज दिया गया| घायल का कहना है कि उसे आठ दिन बाद फिर कानपुर बुलाया है|
थाना अमृतपुर के ग्राम करनपुरदत्त निवासी रामौतार उर्फ कल्लू सराफा मुनीम का कार्य करता है| जिसको बीते 1 फरवरी को शाम कार सबारों नें जांघ में गोली मारकर घायल किया था| उसका एक लाख 70 हजार रूपये व जेबरात का बैग लूट लिया था| घायल मुनीम कल्लू की जांघ में बुलेट फंसा था| जहाँ से उसे सीएचसी राजेपुर, उसके बाद लोहिया अस्पताल, उसके बाद सैफई भेजा गया | सैफई से आकर रामौतार नें सीएचसी राजेपुर में मेडिकल कराया| उसके बाद उसे इलाज के लिए फिर लोहिया अस्पताल भेजा गया| जहाँ से उसे हायर सेंटर के लिए फिर रिफर किया गया, परिजन उसे कानपुर इलाज के लिए लेकर गये| वहां भी उसकी गोली ना निकाल कर उसे दवाई देकर 5 फरवरी को घर भेजा गया| घायल रामौतार उर्फ कल्लू नें घर पंहुचने पर बताया कि चिकित्सक का कहना है कि गोली नस के निकट है| लिहाजा आपरेशन अभी नही किया जा सकता| चिकित्सक नें आठ की दिन की दवा दी है| जिसके बाद फिर कानपुर बुलाया है| इस हिसाब से घायल को आठ दिन और इंतजार करना होगा| शहर के वरिष्ठ चिकित्सक हरिदत्त द्विवेदी नें बताया कि एक हफ्ते से लेकर 10 दिन तक यदि गोली नही निकलती तो कोई खास समस्या नही होती| लेकिन इतने दिन तक रोंक के रखना भी ठीक नही है| हायर सेंटर में गोली निकालनी चाहिए थी|
पुलिस की दबिशें
सराफा मुनीम के साथ लूट के मामले में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं| सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस नें आस-पास के कई जनपदों में दबिश दी हैं| आलाधिकारी खुलासे को लेकर सख्त हैं| पूरे मामले पर नजर बनाये हुए हैं| पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है|