कल महाकुंभ में डुबकी लगाएंगे पीएम मोदी,राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे अगवानी

महाकुंभनगर:प्रयागराज महाकुंभ 2025 में तीसरे अमृत स्नान के बसंत पंचमी पर बीते सोमवार को सकुशल संपन्न होने के बाद खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संगम में पावन डुबकी लगाने के लिए पहुंचने वाले हैं।प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को माघ महीने की अष्टमी तिथि पर पुण्य काल में पवित्र त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगाएंगे। स्नान के बाद वह संगम तट पर ही गंगा की पूजा कर देशवासियों की कुशलता की कामना करेंगे।

पीएम मोदी का लगभग एक घंटे का महाकुंभ नगर में कार्यक्रम प्रस्तावित हुआ है। वह बमरौली एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह लगभग 10 बजे विशेष वायुयान से पहुंचेंगे।इसके बाद सेना के तीन हेलीकाप्टर से अरैल स्थित डीपीएस मैदान के हेलीपैड पर उतरेंगे, जहां से वह कार द्वारा वीआइपी जेटी जाएंगे। यहां से निषादराज क्रूज से संगम में स्नान करेगे।इसके बाद गंगा की पूजा व आरती करेंगे। इस दौरान वह अखाड़ों, आचार्यवाड़ा, दंडीवाड़ा व खाकचौक के प्रतिनिधियों से भेंट वार्ता करेंगे। लगभग एक घंटे बाद यहां से वह लौट जाएंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज से लेकर महाकुंभ मेला क्षेत्र तक तैयारी की जा रही है। सोमवार को एयर, वाटर फ्लीट रिहर्सल भी हुआ। मंगलवार को रोड फ्लीट रिहर्सल होगा।
प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक पहुचेगे|