फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री श्याम कृपा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित बाबा खाटू श्याम के भजन संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के भजनों को सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा के दर्शन व भजनों में शामिल होने के लिए भक्तों को लंबी लाइनों में लगकर प्रवेश करना पड़ा, वहीं भजनों पर श्रद्धालु जमकर थिरकते नजर आए।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। समिति द्वारा लगभग 30 बाउंसर, करीब एक सैकड़ा वालंटियर, साथ ही कादरी गेट पुलिस व यातायात पुलिस को तैनात किया गया था। इसके बावजूद भीड़ अत्यधिक बढ़ जाने से व्यवस्था चरमरा गई। कार्यक्रम स्थल के बाहर मुख्य सड़क पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कार्यक्रम के दौरान अंदर भजनों को सुनने के लिए भीड़ बढ़ने से कई बार धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। अव्यवस्था को देखते हुए भजन गायक कन्हैया मित्तल ने मंच से कई बार श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो वह कार्यक्रम छोड़कर चले जाएंगे।
इस दौरान विधायक की पत्नी अनीता द्विवेदी भी मंच पर पहुंचीं और श्रद्धालुओं से संयम व शांति बनाए रखने का अनुरोध किया। भजन कार्यक्रम रात्रि 10:30 बजे से 1:00 बजे तक चलता रहा। भजनों के दौरान समिति के सदस्यों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे, जिस पर कन्हैया मित्तल ने मंच से आयोजन समिति के प्रति नाराजगी व्यक्त की। कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाहर निकलने लगे, जिससे गेस्ट हाउस के बाहर सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था देर तक बाधित रही।
कन्हैया मित्तल के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, भीड़ से बिगड़ी व्यवस्था



