एसओजी के दो सिपाही व नवाबगंज थाने का दारोगा लाइन हाजिर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओजी के दो पुलिसकर्मियों और थाना नवाबगंज के दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एसपी ने थाना नवाबगंज में तैनात उपनिरीक्षक गिरीश कुमार को लाइन हाजिर किया है। इसके साथ ही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के मुख्य आरक्षी बलवीर सिंह और आरक्षी विनोद कुमार को भी लाइन भेजा गया है। एसपी की इस कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा का बाजार गर्म है। हालांकि लाइन हाजिर किए जाने के पीछे की वजहों पर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि विभागीय अनुशासन और कार्यप्रणाली को लेकर यह कड़ी कार्रवाई की गई है।