फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट रोड स्थित चांदपुर के पास रविवार सुबह लगभग 7 बजे ई-रिक्शा और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार बच्चों सहित करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन चालकों के बीच विवाद हो गया, जिससे करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवक राम पुत्र फौजदार निवासी अकाल गंज, फर्रुखाबाद बस स्टॉप से जमापुर के लिए ई-रिक्शा में सवारियां भरकर जा रहे थे। चांदपुर के पास सामने से आ रही कार को ओवरटेक करने के दौरान ई-रिक्शा की टक्कर कार से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और ई-रिक्शा में बैठी सवारियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को दूसरे ई-रिक्शा से उपचार के लिए रवाना किया। वहीं दोनों वाहन चालक एक-दूसरे को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आपस में भिड़ गए। उनके समर्थकों के पहुंचने पर कहासुनी और गाली-गलौज भी हुई, जिससे सड़क पर जाम लग गया।
करीब आधे घंटे तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने से यातायात बाधित रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ई-रिक्शा और कार की टक्कर में आधा दर्जन घायल, मौके पर लगा जाम



