फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सूरज के तल्ख तेवरों के आगे अब लोगों का हाल बेहाल होता जा रहा है। आसमान से आग बरस रही है और लोग भीषण गर्मी से परेशान हो रहे हैं। तेज धूप से तापमान 40 पार बना हुआ है। रात में भी सुकून न मिलने से लोग बिलबिला रहे हैं।
भीषण गर्मी का दौर शुरु हो चुका है। स्थिति यह है कि सुबह 7 बजे से ही गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। बीते दो दिन में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है और पारा 40 डिग्री पर पहुंच गया है। दिनभर झुलसा देने वाली धूप और गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप से बचने के लिए लोग कई प्रकार के जतन करते दिख रहे हैं। शहर के व्यस्ततम इलाके, नेहरु रोड़, लोहाई रोड़, रेलबे रोड आदि स्थानों पर कम आवागमन नजर आया| शहर के मोहल्लाें का हाल बेहाल रहा। लोग घरों में दुबके रहे। धूप की तपिश के चलते कमरे में सुकून नहीं मिल रहा था। पंखे व कूलर ने काम करना बंद कर दिया। उनसे निकलने वाली हवाएं भी गर्मी का अहसास करा रही थीं। न घर में सुकून था न ही बाहर। लोग
पसीने से तरबतर दिख रहे थे। पारा लगातार बढ़ने से बाहर निकलना मुश्किल हो जा रहा है लोग दोपहर में जरूरी कार्यों से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दफ्तर जाने वाले लोग चेहरे को पूरी तरह ढककर ही निकल रहे हैं। हाइवे पर वाहनों की आवाजाही भी कम हो जा रही है। दोपहिया वाहन चालक जगह-जगह रुककर गले को तर करने के बाद ही आगे बढ़ रहे हैं। बस अड्डे से लेकर रेलवे स्टेशन तक पर मुसाफिरों का बुरा हाल है। गर्मी से मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। गर्मी व धूप की वजह से संक्रमण भी बढ़ रहा है। यही वजह है कि जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। डाक्टरों की भी सलाह है कि बाहर जरूरी होने पर ही जाएं।
आसमान से बरस रही आग से झुलस रहा तन



