आईटीआई चौराहे पर सिग्नल लगते ही शुरू हुआ घंटों लंबा जाम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की व्यस्त और ठंडी सड़क पर स्थित आईटीआई चौराहे पर सिग्नल लाइट लगाए जाने के बाद से घंटों लंबा जाम लगने की स्थिति बनने लगी है। पहले जहां वाहन बिना रुके आसानी से निकल जाया करते थे, वहीं सिग्नल व्यवस्था लागू होने के बाद से गाड़ियां सिग्नल पर रुकने लगी हैं, जिससे लंबी कतारें लग जाती हैं। सिग्नल स्थापना के साथ ही चौराहे के पास डिवाइडर लगाए जाने से सड़क काफी संकरी हो गई है। यही वजह है कि जाम की समस्या और अधिक गंभीर होती जा रही है। आईटीआई चौराहे से लाल गेट की ओर करीब 500 मीटर तक सड़क की ऊंचाई अधिक होने के कारण वाहन चालक मजबूरी में फुटपाथ का सहारा लेते हैं, लेकिन पहिया नीचे उतरते ही ई-रिक्शा, टेंपो एवं छोटे वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। लगातार बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्थित सड़क व्यवस्था की वजह से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी पूरे दिन जाम खोलने में जूझते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क चौड़ी नहीं की गई और सिग्नल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और बदतर हो सकती है।शहरवासियों ने प्रशासन व यातायात विभाग से सड़क चौड़ीकरण, सिग्नल का पुनर्मूल्यांकन तथा उचित यातायात प्रबंधन की मांग की है ताकि आईटीआई चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिल सके।