फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली पर्व से पूर्व सुरक्षा और शांति व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस ने जनपद में अवैध रूप से आतिशबाजी के भंडारण व बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को थाना अमृतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी के साथ गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक अजय कुमार मय हमराह कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हथियापुर में सब्जी की दुकान चलाने वाला एक युवक दीपावली पर बेचने के लिए अवैध आतिशबाजी का भंडारण किए है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर युवक को पकड़ लिया।पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम
करण पुत्र सुनील कुमार निवासी ग्राम अदिउली, थाना मऊदरवाजा बताया। पुलिस ने जब उसकी दुकान की तलाशी ली तो वहां से विभिन्न प्रकार की अवैध आतिशबाजी सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान में मोरी छाप कलर कोटी, पोप पोप, लैला मजनू, सीता गीता, ए.के.-47 बुलेट, ग्रीन स्पार्क, ड्रैगन, टाइगर, गिन्नी कलर स्पार्क, सर्पेन्ट एग, फ्लावर पोट, लेजर ग्रीन फूलझड़ी, बारह सोट आदि के तीन कार्टून (कुल वजन लगभग 54 किलोग्राम) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह आतिशबाजी दीपावली पर ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लाया था। उसके पास किसी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था। पुलिस ने मौके पर बरामद आतिशबाजी को सील कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की और पूरे घटनाक्रम की वीडियो ग्राफी कराई।
अभियुक्त के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन किया गया।इस कार्रवाई से अवैध आतिशबाजी करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस का कहना है कि दीपावली तक ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अवैध आतिशबाजी के साथ युवक गिरफ्तार



