न आयोग का खौफ न प्रशासन का डर- पूरे शहर को गन्दा कर रहा नेता

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कल शनिवार को ही जिला प्रशासन का प्रेस नोट जारी हुआ कि कोई भी प्रत्याशी निजी व् सार्वजनिक भवन पर बिना अनुमति के पोस्टर बैनर स्टीकर या झंडा नहीं लगाएगा| मगर शनिवार की रात और रविवार सुबह सुबह लाखो की संख्या में नए पोस्टर दीवारों और बोर्डो पर चस्पा हो गया| ये प्रशासन का दूसरा या तीसरा प्रेस नोट था| इसके पहले भी कई मीटिंगों में जिलाधिकारी ने ये समझाया, बुझाया और धमकाया कि अगर ऐसा हुआ तो फिर …| मगर ये हिन्दुस्तानी नेता है| जिस पर किसी के कहें का कोई असर नहीं| खालिस गुंडई पर उतरा हुआ है| पूरे शहर में इन दिनों लगभग 400 नेता अपनी जात दिखा रहा है| जहाँ चाहे पोस्टर चिपका रहा है| आवास विकास के लोहिया पार्क को वाकई समाजवादी बना रहा है| व्यापारियो और दफ्तरों के साइन बोर्डो पर अपना चेहरा चस्पा करवा कर कानून और जनता को मुह चिड़ा रहा है| और जिला प्रशासन है कि बस एक प्रेस नोट और चंद नोटिसो से काम चला रहा है|

नेता इन दिनों नैतिकता की बात कर रहा है| नगरपालिका की कुर्सी पर बैठने के बाद नगर में सफाई सफाई चिला रहा है| मगर हर रोज सुबह से शाम पूरा शहर घिनवा रहा है| स्टीकर और पोस्टर धड़ल्ले से आपके दरवाजे पर चिपकवा रहा है| कितने आदर्शवादी नेता चुनाव लड़ रहे है| इसे पहचानिए| ये किस नैतिकता की बात कर रहे हैं पहचानिए| ये कैसी सफाई करेंगे इसे भी जानिए| आपका घर गन्दा कर अपने ड्राइंग रूम सजा रहा है इसे भी पहचानिए|

और रही बात जिला प्रशासन और आयोग की तो इसके दायित्वों को निभाने की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की है| जो सिर्फ नौकरी कर रहा है| कागजो में कागज नत्थी कर अपनी जान छुड़ा रहा है| जबाब जनता को देना है| और जनता जो इन दिनों चुप बैठ तमाशा देख रही है, असल में उसे अगले 5 साल तक बोलने का कोई हक नहीं है|