अधिशासी अभियंता के आफिस में घुसने को लेकर किसान यूनियन व गार्ड में मारपीट

Uncategorized

फर्रुखाबाद: भोलेपुर स्थित विद्युत अधिशासी अभियंता के कार्यालय में फुंके ट्रांसफार्मर व ट्राली की शिकायत करने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन महेन्द्र सिंह टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता के सुरक्षागार्ड की धुनाई कर दी। बाद में मामले को रफादफा किया गया।

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह शाक्य के नेतृत्व में आधा सैकड़ा किसान यूनियन कार्यकर्ता भोलेपुर स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अधिशासी अभियंता के कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। तभी कार्यालय गेट पर मौजूद होमगार्ड के जवानों ने कार्यकर्ताओं को बाहर चलने की बात कही। जिस पर कार्यकर्ता बिगड़ गये और उन्होंने गार्ड के साथ मारपीट कर दी।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गार्ड ने अपने बचाव में कार्यकर्ताओं की तरफ बंदूक भी तान दी। जिससे अफरा तफरी मच गयी। कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता के गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने अधिशासी अभियंता एन सी मिश्रा से वार्ता की। एन सी मिश्रा ने जैसे तैसे मामले को शांत किया।

किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने बताया कि अधिशासी अभियंता ने तीन दिन के अंदर कोरीखेरा के ट्रांसफार्मर व जहानगंज की फुकी ट्राली को ठीक कराने का आश्वासन दिया है। यदि समय पर कार्यवाही न हुई तो मामले के जिम्मेदार खुद बिजली विभाग के अधिकारी होंगे।