यूपी में अखिलेश मंत्रिमंडल का विस्तार, पंडित सिंह फिर बने मंत्री

Uncategorized
akhilesh-yadav लखनऊ। सरकार की छवि सुधारने और ऑपरेशन 2014 की तैयारी के मकसद से गुरुवार को उत्तर प्रदेश में अखिलेश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया। एक को कैबिनेट मंत्री और 11 को राज्यमंत्री बनाया गया है। मंत्रिमंडल विस्तार में बाहुबलियों और दागियों को जगह मिलने से तमाम सवाल उठने लगे हैं। इस विस्तार में गोंडा के सीएमओ के साथ मारपीट करने वाले पूर्व मंत्री विनोद सिंह उर्फ पंडित की वापसी भी हो गई है।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को मंत्रिमंडल में बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ दिलाई गई है। बाहुबली से नेता बने अयोध्या के विधायक पवन पांडे को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। सबसे चौंकाने वाला मामला गोंडा के विधायक विनोद सिंह उर्फ पंडित सिंह का रहा। पंडित सिंह पर गोंडा के सीएमओ को अगवा करके उनसे मारपीट का आरोप है। उसी आरोप में उनसे मंत्री की कुर्सी छिन गई थी, लेकिन इस विस्तार में मंत्रिमंडल में उनकी वापसी हो गई है।
[bannergarden id=”8″]
इसके अलावा मनोज पांडेय, गायत्री प्रजापति, विजय कुमार मिश्र, राम मूर्ति वर्मा और रामसकल गूजर को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। कुछ सियासी विशेषज्ञ इसे लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़ कर देख रहे हैं। ब्राह्मण वोटरों को लुभाने के मकसद से इस विस्तार में सबसे ज्यादा ब्राह्मण विधायकों को जगह दी गई है। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में एसपी बीजेपी और बीएसपी के ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाने की पुरजोर कोशिश करेगी।