उमा भारती के कार्यक्रम के संयोजक बने मेजर, जोरदार स्‍वागत की तैयारी

Uncategorized

फर्रुखाबाद : उमा भारती द्वारा गोमुख से गंगा सागर तक निकाली जाने वाली यात्रा 16 अक्टूबर को फर्रुखाबाद पहुंच रही है। जिसके चलते कार्यक्रम संयोजक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।

16 अक्टूबर को फर्रुखाबाद आगमन पर उमा भारती का भाजपाइयों द्वारा जोरदार स्वागत करने का कायक्रम रखा जायेगा। इसके साथ ही गंगा पूजन किया जायेगा। शाम को कायमगंज प्रवास के बाद कायमगंज कटरी क्षेत्र के गन्डुआ में उमा भारती द्वारा 17 अक्टूबर को गंगा पूजन किया जायेगा। इसके लिए कायमगंज में भी भाजपाइयों ने उमा भारती के स्वागत के लिए पहले से ही रणनीति बना ली है।

साध्वी के कार्यक्रम को लेकर गंगा समग्र रक्षा अभियान की एक बैठक नुनहाई स्थित संघ कार्यालय में प्रांन्त प्रमुख उमाकांत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें समग्र रक्षा अभियान के तहत घटियाघाट पर गंगा की दुर्दशा  को लेकर राष्ट्रीय धरोहर घोषित किये जाने की मांग किये जाने की योजना बनायी गयी। इस दौरान बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी युवा गंगा पूजन में बढ़चढ़कर हिस्सा लें।बैठक में अभिषेक त्रिवेदी, दिनेश मिश्रा, संजय यादव, निशांत दलेला, गणेश प्रसाद, अमित पाठक आदि उपस्थित रहे।कार्यक्रम संयोजक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने बताया कि उमा भारती के आगमन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयीं हैं। कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे। इसके बाद साध्वी द्वारा गंगा पूजन किया जायेगा।

गंडुआ क्षेत्र लोधी राजनीति का केन्द्र बिन्दु रहा है। यहां से साक्षी महाराज व कल्याण सिंह भी जुड़े रहे। गंगा यात्रा के स्वागत को भाजपा नेताओं ने बैठक कर रणनीति तय की। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कोषाध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल के आवास पर पूर्व विधायक सुशील शाक्य, मेजर सुनील दत्त, भूदेव राजपूत, अमर सिंह खटिक, अरविंद तिवारी आदि की उपस्थित में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में बताया कि गंगा यात्रा 16 अक्टूबर की शाम कायमगंज पहुंचेगी। रामलीला मंच पर उमा भारती का भाषण होगा। 17 अक्टूबर को गांव गंडुआ स्थित गंगा तट पर वे गंगा पूजन करेंगी। गंडुआ में दस्यु सरगना कलुआ ने 30 लोगों को लाइन में लिटाकर ट्रैक्टर से रौंदा था। इसके बाद से गांव चर्चा में आया था। तब इस क्षेत्र में कल्याण सिंह, साक्षी महाराज आदि लोधी नेता विशेष सक्रिय रहे थे। सुशील शाक्य व मिथलेश अग्रवाल ने बताया कि गंगा यात्रा भाजपा का कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। बल्कि अविरल गंगा व निर्मल गंगा के संदेश के साथ गंगा की स्वच्छता के प्रति जागरूकता का अभियान है।