खाने का तेल बदल-बदल कर इस्तेमाल करने से हृदय रोग की संभावना कम होती है

Uncategorized

हृदय रोगों से बचाव के लिये अलगअलग तरह के खाद्य तेलों का उपयोग बेहद फायदेमंद है। सरसों के तेल का उपयोग उत्तर भारत, कश्मीर और पश्चिम बंगाल में ज्यादा होता रहा है। इसके नतीजे में वहां के हृदय रोग के मामले बढ़ने लगे।

जाने माने ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश त्रेहन बताते हैं कि सरसों, सोयाबीन, सनफ्लावर, मूंगफली, नारियल, ऑलिव आयल का बदल-बदलकर खाद्य तेलों के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इससे हृदय रोग होने की दर को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में हृदय रोगियों की संख्या करीब 8 करोड़ पहुंच गई है। ये संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। हमारे पास इतने चिकित्सा संसाधन नहीं हैं कि सभी का स्तरीय इलाज शुरू किा जा सके। इसलिए बीमारी को होने ही नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी जीवन शैली में पैदल चलने और साइकिल चलाने की आदत छूट गई है। रोजाना 4 किलोमीटर या 40 मिनट तक तेजी से चलकर हृदय रोगों से बचा जा सकता है। इसके अलावा खाने में मीठे, तले-भुने खाद्य पदार्थ और फास्ट फूड ने बीमारियों को बढ़ाने का कार्य किया है। क्योंकि शारीरिक श्रम न होने के कारण बीमारियां बढ़ती जा रही है। इसलिए खाने में हरी सब्जियों का इस्तेमाल ज्यादा-ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए।

डॉ. त्रेहन का कहना है कि यदि किसी परिवार में माता-पिता हृदय रोगी हैं तो उनके बच्चों को हृदय रोग होने की संभावना दोगुनी हो जाती है। इसलिए ऐसे लोगों को खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही जीवनशैली में सुधार कर लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्ट्रेस भी हृदय रोग की संभावना बढ़ाता है। रोजाना 15 मिनट योग और गहरी सांस लेने वाले व्यायाम करें। 40 साल के बाद हृदय रोग की संभावना का पता लगाने के लिए जरूरी जांचें करा लें। इससे बीमारी का पता शुरुआत में लग जाएगा।