एक माह बाद हो सकी किशोरी से बलात्कार की रिपोर्ट

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम गांधी नौसारा निवासी चेतराम की नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही दरिंदे ने घर में घुसकर बलात्कार कर दिया। पिता के रिपोर्ट लिखाने के लिए दर दर भटकता रहा लेकिन  उसे जब न्याय मिलता नहीं दिखा तो पिता चेतराम सिंह ने एएसपी को भी प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगायी थी। जांच के बाद बलात्कार पीड़ता की रिपोर्ट थाना राजेपुर में दर्ज कर ली गयी।

जानकारी के अनुसार 16 जुलाई को चेतराम सिंह की 14 वर्षीय पुत्री रुकमणी जोकि हाईस्कूल की छात्रा है घर में खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। तभी गांव का ही सुरजीत सिंह पुत्र  घनश्याम घर में घुस आया तथा पुत्री के साथ जबर्दस्ती करने लगा। पुत्री ने काफी बचने का प्रयास किया लेकिन हैवानियत पर उतारू दरिंदे ने उसके साथ अपना मुहं काला कर लिया। बाद में पुत्री के शोर मचाने पर मोहल्ले के ही गिरजादेवी इत्यादि लोगों ने सुरजीत को घर से निकलकर भागते हुए देखा। सूचना पर वह भी मौके पर पहुंच गया। उस दिन से दरिंदे के परिजन उसे व उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जिससे वह रिपोर्ट लिखाने थाने तक नहीं गया।

सोमवार 6 अगस्त को चेतराम ने अपनी पत्नी व पुत्री के साथ एएसपी के कार्यालय में पहुंचकर प्रार्थनापत्र दिया था कि उसकी रिपोर्ट दर्ज कराकर विवेचना की जाये। दोषी सुरजीत पर दण्डात्मक कार्यवाही की जाये। उस समय तो न्याय की आस न देख बेचारा पिता अपने घर वापस हो गया था।

एसपी नीलाब्जा चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बलात्कार की जांच महिला थाना प्रभारी सुभद्रा वर्मा को दी। जांच के बाद राजेपुर थाने में दोषी सुरजीत के विरुद्व रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी।