भूमि विवाद में चली गोलियां, मासूम सहित दो घायल

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम पूरन नगला निवासी 35 वर्षीय सुभाष यादव पुत्र पृथ्वीराम से गांव के ही अरविंद यादव से विवाद हो जाने पर गोलियां चल गयीं। जिसमें सुभाष यादव के अलावा पड़ोस में ही खेल रहा मजदूर गुड्डू यादव का 12 वर्षीय पुत्र अभिषेक भी गोली लगने से घायल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक सुभाष यादव व अरविंद यादव में भूमि को लेकर लगभग दो साल पुराना विवाद चल रहा है। अरविंद ने सुभाष यादव के परिवार के लंकुश से कुछ जमीन खरीदी थी। जमीन सुभाष के घर से लगी हुई बतायी जा रही है। अरविंद सुभाष की जगह में ही अपना मकान बनाने के लिए दबंगई दिखा रहा था। जिसको लेकर दोनो का आपस में विवाद चल रहा था। शनिवार की शाम दोनो में झगड़ा हो गया।

रविवार को प्रातः सुभाष अपनी पुत्री मंजू व आरती के साथ बठिया ठीक कर रहा था। तभी अरविंद यादव के साथ में विजेन्द्र, मानसिंह, गिरंद, सोनू यादव आ गये और सुभाष के साथ हाथापाई करने के बाद फायर झोंक दिये और फरार हो गये। इसी फायरिंग में पड़ोस में खेल रहे गुड्डू का पुत्र अभिषेक भी गोली लगने से गंभीर हो गया। दोनो को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सुभाष की हालत चिंताजनक होने पर उसे लोहिया अस्पताल से रिफर कर दिया गया। मौके पर तैनात चिकित्सक डा0 धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि सुभाष के सीने व सीधे हाथ में गोली लगी है। जिससे हालत गंभीर होने पर उसे रिफर किया गया है।

थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। फिलहाल सुभाष की हालत स्थिर है। जांच की जा रही है।