लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पूर्व वाहन स्टैड कर्मी कर रहा सर्जरी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जिले की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था जहां एक तरफ पूर्व स्वास्थ्यमंत्री घपले और घोटाले में इन दिनों सीबीआई की पकी हुई रोटियां खा रहे हैं। वहीं आये दिन चर्चा का विषय रहने वाले लोहिया अस्पताल में एक नयी लापरवाही सामने आयी है। जहां सीधे-सीधे आपातकालीन में भर्ती होने वाले मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी बार्ड में मरीज आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए आता है। जहां एक प्राइवेट युवक मरीजों के टांके व पट्टी करते देखा जा सकता है।

लोहिया अस्पताल के अधिकारियों की लापरवाही का इससे ज्यादा जीता जागता सबूत क्या होगा कि स्वयं डाक्टर की मौजूदगी में मरीजों को एक प्राइवेट व अप्रशिक्षित व्यक्ति मरहम पट्टी कर रहा है। राजू नाम का यह युवक अक्सर लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी बार्ड में मरीजों की सेवा करते देखा जा सकता है। अनजान मरीज उसे डाक्टर समझकर अपना इलाज बड़े ही शुकून से कराते रहते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार राजू लोहिया अस्पताल की ही एक बार्ड आया मालती का पुत्र बताया गया है। जो चंद पैसे मरीजों से झटकने के चक्कर में लोहिया अस्पताल के आपातकालीन आपरेशन कक्ष में मरीजों के टांके पट्टी करते अक्सर देखा जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस युवक का सम्बंध बाहर के अन्य चिकित्सकों से है। जैसे ही कोई मरीज आपातकालीन कक्ष में भर्ती होने पहुंचता है और रिफर होने की स्थिति में वह मरीजों को चंद पैसों के लालच में प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती करवाता है। इसी युवक को कुछ दिन पहले लोहिया अस्पताल के गेट पर लगाये गये साइकिल स्टैंड पर भी पर्ची काटने के लिए लगाया गया था।

लोहिया अस्पताल के चिकित्साधिकारी डा0 ए के पाण्डेय ने बताया कि इस सम्बंध में उन्हें जानकारी नहीं है। वैसे अगर इस तरह का कोई कार्य इमरजेंसी बार्ड में हो रहा है तो यह मुख्य जिम्मेदारी तैनात डाक्टर की बनती है। मामले की जांच की जायेगी। दोषी पाये जाने पर डाक्टर के विरुद्व दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।