पति से विवाद के चलते विवाहिता ने मायके में लगायी फांसी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी शाकिर अली निवासी 28 वर्षीय प्रियंका दुबे पत्नी अनुपम दुबे ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

समय तकरीबन सुबह के 6 बजे मोहल्ले के कुछ लोग सो रहे व कुछ नित्य क्रिया के लिए निकल रहे तभी अचानक मोहल्ला गढ़ी शाकिर अली के एक मकान से रोने चिल्लाने की आवाज आ रही थी। रोने की आवाज सुनते ही आस पास के सैकड़ों लोग प्रियंका दुबे के मकान में पहुंचे तो देखा कि प्रियंका फांसी पर लटक गयी है। कोई यह समझ नहीं पा रहा था कि आखिर यह हुआ कैसे।

प्रियंका के भाई सवितांक ने बताया कि शाम को तकरीबन साढ़े सात बजे सभी लोग खाना खाकर छत पर लेटने चले गये। प्रियंका नीचे कमरे में ही लेटती थी। देर रात तक टीवी देखना उसकी आदत में था। सुबह मैं अपनी पैन्ट लेने के लिए नीचे उतर कर आया तो देखा कि प्रियंका पंखे से लटकी है। प्रियंका ने अपने दुपट्टे से पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूचना पर पहुंचे मऊदरवाजा थानाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरवाया व पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक प्रियंका के छोटे भाई सवितांक दुबे ने बताया कि मेरे पिता रामनरेश द्विवेदी प्राइमरी स्कूल के अध्यापक थे। जिनकी रिटायर होने के बाद फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर मौत हो गयी। दूसरे भाई की पिछले वर्ष सावन के महीने में गंगा में डूबने से मौत हो गयी थी। सवितांक ने बताया कि मेरी बहन प्रियंका मायके में ही मेरे साथ वर्षों से रह रही है। उसके एक 10 वर्षीय पुत्र अमन व 7 वर्षीय पुत्री सोना है। जीजा डा0 अनुपम दुबे शुकरुल्लापुर में प्राइवेट डाक्टर हैं।

मृतक प्रियंका के पति डा0 अनुपम दुबे ने बताया कि मेरी शादी तकरीबन 12 साल पहले हुई थी। शादी के कुछ साल बाद ही प्रियंका शहर में रहने की जिद करने लगी। काफी समझाने के बाद भी वह गांव में रहने को किसी भी कीमत पर तैयार नहीं हुई। अनुपम ने बताया कि शादी के कुछ वर्षों बाद हम अपनी ससुराल में रहने लगे। दो तीन वर्ष ससुराल में रहने के बाद हमने मकान किराये पर ले लिया। प्रियंका को शहर में घूमना फिरना ज्यादा पसंद था। जिस बात को लेकर मेरे साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। तंग आकर मैने प्रियंका से कहा कि मैं शहर का खर्च नहीं उठा पा रहा हूं। इसलिए दोबारा गांव चलते हैं। जिस पर प्रियंका राजी नहीं हुई और उसने अनुपम पर अदालत में मुकदमा ठोक दिया। बड़ा बेटा अमन अपने पिता अनुपम के साथ रहता है और बेटी सोना दुबे अपनी मां प्रियंका के साथ रहती थी।

प्रियंका के नाजायज सम्बंधों की चर्चा तेज
प्रियंका की मौत की खबर सुनकर उसके पति डा0 अनुपम दुबे अपने अन्य परिजनों के साथ अपनी ससुराल गढ़ी शाकिर अली पहुंचे। अनुपम ने ही इस बात का खुलासा दबी जुबान से किया कि प्रियंका का अन्य कई व्यक्तियों के घर आना जाना था। जिस बात को लेकर हमारी मुकदमेंबाजी चल रही थी। प्रियंका क्षेत्र की चर्चित महिलाओं में एक थी।

मां की मौत पर वर्षों बाद मिले भाई बहन
अनुपम व प्रियंका का आपसी झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया था कि प्रियंका किसी भी कीमत पर ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। परिजनों ने बताया कि कुछ माह पूर्व प्रियंका ससुराल गयी थी और दो दिन के बाद ही पुनः मायके वापस आ गयी। आज जब अनुपम प्रियंका की मौत की खबर सुनकर अपनी ससुराल पहुंचे तो सब प्रियंका को देखने में व्यस्त थे लेकिन प्रियंका के पुत्र अमन व पुत्री सोना एक दूसरे के पास बैठे थे। प्रियंका की पुत्री सोना ने बताया कि मुझे अपने भाई अमन की बहुत याद आती थी। लेकिन मां मुझे जाने नहीं देती थी। सोना के अनुसार कुछ दिनों पूर्व उसकी नानी मालती देवी व प्रियंका में झगड़ा हुआ था। जिस पर प्रियंका ने हाथ की नस काटने का असफल प्रयास किया था। मोहल्लेवालों के अनुसार प्रियंका का उसके मायके में झगड़ा होना आम बात थी।

कुछ दिनों पहले ही शुरू किया था ब्यूटीपार्लर कोर्स
प्रियंका की मां मालती दुबे ने रोते हुए बताया कि प्रियंका ने एक सप्ताह पूर्व ही मेरे सामने इच्छा जाहिर की कि घर पर अकेले समय नहीं कटता इसलिए मैं ब्यूटी पार्लर का कोर्स करूंगी। प्रियंका ने सेठगली में स्थित एक ब्यूटीपार्लर की दुकान पर काम सीखना शुरू कर दिया था। सुबह 10 बजे जाकर शाम को पांच बजे वापस लौटती थी।

नशे की आदी थी प्रियंका
जानकारी के मुताबिक प्रियंका बहुत ही रोमांटिक स्वभाव की महिला थी। गुटखा, तम्बाकू के अलावा वह नशीली गोलियों का भी इस्तेमाल किया करती थी। प्रियंका को अक्सर मेडिकल स्टोर से नशीली गोलियां खरीदते देखा गया।