इंडोनेशिया में भूकंप से भारत समेत कई देश हिले

Uncategorized

दुनिया के कई देशों से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इंडोनेशिया के सुमात्रा में रिक्टर स्केल पर 8.7 तीव्रता का सबसे जबरदस्त भूकंप आया है। उत्तरी सुमात्रा के पश्चिमी तट पर एसे नाम की जगह पर समुद्र के अंदर 33 किलोमीटर भीतर भूकंप का केंद्र है।

भूकंप के झटके हिंद महासागर से सटे भारतीय इलाकों में भी महसूस किए गए हैं। भारत के कई इलाकों में भूकंप महसूस किया गया। इसमें असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार शामिल हैं। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार में सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया था लेकिन अब राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान ने साफ कर दिया है कि भारत में सुनामी की आशंका नहीं है।

इंडोनेशिया के प्रशासन ने भी वहां सुनामी अलर्ट जारी कर दिया था लेकिन इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने साफ कर दिया है कि उनके मुल्क में भी सुनामी का खतरा नहीं है।

भारत सहित दुनिया भर के जिन देशों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है उनमें भारत, इंडोनेशिया, म्यांमार, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, सोमालिया, ओमान, मेडास्कर, ईरान, यूएई, यमन, सिंगापुर, केन्या, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, तंजानिया आदि में सुनामी का खतरा है। ।

कोलकाता में मेट्रो सेवा रोक दी गई है। महाराष्ट्र या मुंबई में किसी तरह के भूकंप से मौसम विभाग ने इनकार किया है। विभाग के मुताबिक अरब सागर में 155 किलोमीटर दूर और 33 किलोमीटर अंदर भूकंप आया है जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 नापी गई है। अंडमान निकोबार द्वीप पर लोगों को ऊंची जगह पर जाने को कहा गया है। नाविकों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई।