चुनावी रंजिश में फायरिंग में दो का शांति-भंग में चालान

Uncategorized
नवाबगंज(फर्रुखाबाद): सपा बसपा समर्थकों में फायरिंग व पथराव के मामले में हिरासत में लिये गये दो लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।

थानाक्षेत्र के ग्राम चकरपट्टी में सात अप्रैल की रात गांव के पूर्व कोटेदार महेन्द्र सिंह जयपाल सिंह में विवाद हो गया था। मामले के तूल पकड़ने पर ईट पत्थर चले थे। इसमें महिलाओं सहित एक दर्जन लोग चुटहिल हो गए थे। इसी बीच जयपाल सिंह के छप्पर में आग लगा दी गयी। जब तक लोगों ने आग बुझायी तब तक दूसरे पक्ष के महेन्द्र सिंह के छप्पर में भी आग लग गयी। इस पर एकाएक फायरिंग होने लगी थी। सूचना पुलिस को दी गयी। उसके मौके पर पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोग भाग गये। पुलिस ने मौके से जयपाल सिंह एवं छोटेलाल यादव को हिरासत में लिया था। घटना की शिकायत एक पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से की गई थी। पुलिस ने हिरासत में लिये गये जयपाल सिंह एवं छोटेलाल यादव का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों से एक दर्जन से अधिक लोगों को भागा हुआ दिखाया है।