बाबू सिंह कुशवाहा के सम्मेलन का खर्चा मेजर के खाते में

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बाबू सिंह कुशवाहा से पर्दे के पीछे संबंध रखने की भाजपा की जुगत काम नहीं आयी। राजनैतिक शुचिता की कलई तो मीडिया की खबरों ने खोल ही दी थी, अब  प्रशासन ने बाबू सिंह की सभा का खर्चा भी भाजपा प्रत्याशी मेजर सूनील दत्त द्विवेदी के खाते में जोड़ दिया है।

एनआरएचएम घोटाले में सीबीआई जांच में फंसने के बाद बसपा से निष्कासित पूर्व स्वास्थ्य मंत्रीबाबू सिंह कुशवाहा को भाजपा में सम्मिलित करने पर देश भर में हुई फजीहत के बाद भाजपा ने उनकी सदस्यता तो स्थगित कर दी परंतु जातीय गणित साधने के लिये पर्दे के पीछे से उनके उपयोग का मोह भाजपा नहीं छोड़ सकी है। परंतु बुधवार को यहां मधुरमिलन गेस्ट हाउस में हुई बाबू सिंह कुशवाहा की बैठक में भाजपा प्रत्याशियों के मौजूद रहने, श्री कुशवाहा द्वारा मंच से ही भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करने व बाद में श्री कुशवाहा के भाजपा के सदर प्रत्याशी मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के आवास पर बैठक करने की खबरों ने भाजपा की राजनैतिक शुचिता की कलई तो खोल ही दी थी,  बुधवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निग आफीसर अशोक कुमार लाल ने बताया कि पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा की सभा का व्यय भाजपा प्रत्याशी सुनीलदत्त के खाते में जोड़ा जायेगा। रिटर्निग आफीसर ने बताया कि सभा की वीडियोग्राफी करा ली गयी है। नामांकन शुरू होते ही इसका खर्च प्रत्याशी के खाते में डाला जायेगा। क्योंकि बाबू सिंह ने सभा में भाजपा को वोट देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सभा आदि की अनुमति लेने के बाद प्रत्याशी को उसके खर्च का ब्योरा भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।