तिरंगा यात्रा में दिखी आजादी के जश्न की झलक

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार अपराध नियंत्रण संगठन एवं बीबीगंज युवा कमेटी की ओर से शहर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धूमधाम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमे आजादी के जश्न की झलक साफ नजर आयी|

शहर के गुरुगांव देवी मंदिर से यात्रा आरंभ की गई। यात्रा बीबीगंज, पक्का पुल,चौक, घुमना, लाल दरवाजा होते हुए स्वराज कुटीर पर जाकर समापन हुई। देश भक्ति गीतों की

धुनों पर युवा हाथों में तिरंगा झंडा लिए झूमते हुए नजर आये| ‘भारत माता की जय’ और वन्देमातरम के नारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। चौक पर सभी ने राष्ट्रगान किया जिसके बाद यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा का जगह-जगह पर शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया
गया। तिरंगा यात्रा में जिले के तमाम जगहों से युवाओं ने हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही। प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज पांडेय ने कहा कि यह यात्रा उन सभी बलिदानियों को समर्पित है जिन्होंने देश की खातिर बलिदान दिया। यात्रा संरक्षक संजय कटियार, सुजीत कटियार, रामजी वाजेपयी, आदित्य दीक्षित, प्रियांशु शाक्य, टिंकल यादव, सौरभ शाक्य, भगवानदास शुक्ला, गोपाल सक्सेना, उत्कर्ष चतुर्वेदी आदि रहे।