घटकर चेतावनी बिंदु पर आया गंगा का जल स्तर

FARRUKHABAD NEWS


फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा के उफान में शुक्रवार को तब्दीली आयी| जिसके चलते बीते एक दिन से गंगा शुक्रवार को 15 सेंटीमीटर कम हो गयीं | लेकिन अभी भी उनका जल स्तर चेतावनी बिंदु पर थमा हुआ है| कई गांवों में बाढ़ का पानी रुकने से गांवों के लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है|

बीते एक दिन पूर्व गंगा का जल स्तर 136.75 था| जो चेतावनी बिंदु से 15 सेंमी ऊपर है| शुक्रवार शाम 4 बजे तक गंगा का जलस्तर 136.60 यानी चेतावनी बिंदु पर आ गया| गंगा में नरौरा बांध से 86,603 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| वहीं रामगंगा का जल स्तर 134.70 शाम 4 बजे तक दर्ज किया गया| वहीं 3577 क्यूसेक पानी छोड़ा गया|
बाढ़ के पानी से कई गाँव प्रभावित
तहसील अमृतपुर के ग्राम जगतपुर के घरों में पानी प्रवेश कर गया है| बच्चे घर आंगन में स्वीमिंग पूल का आनन्द लेते नजर आये| वहीं परिवार के लोग आंगन में आयी मुसीबत से परेशान दिखे| जगतपुर के ग्रामीणों नें बताया कि पिछली वर्ष भी यहाँ बाढ़ राहत सामग्री नहीं मिली थ| इस साल भी कोई भी कर्मचारी हमारे गांव में नहीं आया| घरों में तीन दिन से लगातार पानी भरा हुआ है| सबलपुर जाने वाले रास्ते पर पानी भरा हुआ है, जिससे ग्रामीण बाहर नहीं निकल पा रहे हैं| उप जिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जगतपुर गांव में बाढ़ का पानी नहीं आया है इसीलिए सर्वे नहीं हुआ है, सर्व होते ही बाढ़ सामग्री वितरण कर दी जाएगी|
146 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण
प्रशासन ने आशा की मड़ैया में 146 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण किया| पैकेट के अन्दर आटा, चावल,दाल आलू समेत पन्नी पानी के लिए जरीकेन लईया समेत मसाले खाद्य सामग्री आदि मिला| उदयपुर गांव में 158 बाढ़ पीड़ितों को राशन दिया गया अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ितों को आश्वासन दिया कि जिन किसानों की फसलें नष्ट हुई है मुआवजा दिया जाएगा