गंगा चेतावनी बिंदु से 15 सेमी. ऊपर, दर्जनों गांवो में मुसीबत की बाढ़

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा में लगातार ऊफान जारी है| बीते मंगलवार को गंगा का जल स्तर चेतावनी बिंदु पर था| लेकिन बुधवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 15 सेंटीमीटर ऊपर चला गया|

गंगा में बीते दिन 136.60 मीटर जल स्तर था| जो चेतावनी बिंदु है| लेकिन बुधवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 15 सेंटीमीटर ऊपर यानी 136.75 पर आ गया| नरौरा बांध से गंगा में 92659 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| वहीं रामगंगा का जलस्तर 134.95 दर्ज किया गया| वहीं रामगंगा में खो हरेली रामनगर बैराज से 6779 क्यूसेक पानी छोड़ा गया|

लगभग तीन दर्जन गांवों की बिजली सप्लाई बंद
राजेपुर संवाददाता: गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांव प्रभावित हुए हैं| अमृतपुर के गांव कछुआ गड़ा, कुबेरपुर, सुंदरपुर, अर्जुनपुर, सबलपुर, कंचनपुर, उदयपुर, चित्रकूट, अमृतपुर, रामपुर जोगराजपुर, गोटिया, पश्चिमी शीशराम की मड़ैया के लगभग तीन दर्जन गांव के विद्युत आपूर्ति बंद की गयी है| एसडीओ सुजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ का पानी गांवों में भरने से लगभग 30 गांवों की बिजली काटी गयी है| रात में विद्युत आपूर्ति चालू होगी|