तस्करों के विवाद में पुलिस ने भगवान बुद्ध की बहुमूल्य मूर्ति झटकी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: तस्करों की कमीशनखोरी के विवाद के कारण भगवान बुद्ध की बहुमूल्य मूर्ति पुलिस ने झटक ली है| पुलिस फिलहाल मामले को दबाने का प्रयास कर रही है|

ब्लाक बढपुर की ग्राम पंचायत कुवेरपुर घाट के ग्राम गुचलियाई निवासी अशोक यादव ने कहीं से बहुमूल्य भगवान बुद्ध की मूर्ति हांसिल कर ली और उसे बेंचने का प्रयास किया| मूर्ति बेंचने के लिए कई तस्करों व दलालों से सम्पर्क किया गया| एक दलाल ने सीतापुर जिले के तस्कर से ७५ लाख रुपये में सौदा कराया| खरीदने से पूर्व तस्कर ने मूर्ति की काफी गहराई से जांच-पड़ताल करवाई|

कमीशनबाजी को लेकर दलाल का अशोक से विवाद हो गया जिसने मूर्ति की जानकारी पुलिस के आला अधिकारी को दे दी| थाना मऊदरवाजा पुलिस ने बीते सप्ताह अशोक से कीमती बुद्ध की मूर्ति हांसिल कर ली और थाने में पूंछ-तांछ करने के बाद उसे छोड़ दिया गया| पुलिस ने भी सर्राफ से मूर्ति की जांच-पड़ताल करवाई है| मूर्ति की बरामदगी न दर्शाए जाने के कारण पुलिस कर्मियों ने ही मूर्ति के मामले को उजागर किया है|

हल्का इंचार्ज से लेकर कोई भी पुलिस का अधिकारी मूर्ति मिलने की जानकारी से साफ मना कर भ्रामक प्रचार बता रहे हैं| ग्राम पंचायत कुवेरपुर घाट के प्रधान संतोष कुमार ने स्वीकार किया की पुलिस ने बीते दिनों अशोक को हिरासत में लेकर उससे पूंछ-तांछ की थी|

प्रधान संतोष ने बताया कि अशोक की किसी ने पुलिस से झूंठी शिकायत कर दी कि वह मूर्ति बनाता है जबकि अशोक खेती करवाता है| ऐसे कार्यों से उसका कोई सम्बन्ध नहीं है|