मायावती की मुलायम को धमकी- सड़कों पर उतरे तो ऐसे ही पीटेंगे

Uncategorized

लखनऊ|| उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को साफ शब्दों में चुनौती देते हुए प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि प्रदेश का कोई भी व्यक्ति चाहे वो कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो अगर प्रदेश की कानून व्यवस्था तोड़ने की कोशिश करेगा तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।

इसी बीच समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव को आज रिहा कर दिया गया, लेकिन जेल के आस पास जमा समाजवादी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। सांसद अखिलेश यादव को बुधवार को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वे दिल्ली से लौटकर लखनऊ हवाई अड्डे पहुंचे थे।

गौरतलब है कि यूपी में इनदिनों समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शन पर उत्‍तर प्रदेश पुलिस का कहर बरप रहा है। कार्यकर्ताओं की पिटाई तो हो ही रही है, मुलायम के सगों को भी नहीं बख्शा जा रहा है। लखनऊ जेल में बंद किए गए सपा कार्यकर्ताओं ने आज रिहाई के दौरान मायावती सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और हंगामा किया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर उनकी हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान मुलायम के भाई शिवपाल सिंह यादव सहित कई सपा नेताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाई। इससे पहले बुधवार को मुलायम के बेटे अखिलेश यादव को पुलिस ने अमौसी हवाई अड्डे से घसीटते हुए गिरफ्तार कर लिया था। अखिलेश यादव जैसे ही दिल्ली से लखनऊ पहुंचे, अमौसी हवाई अड्डे के बाहर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने सुबह सवा नौ बजे के करीब उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे दिल्ली से लखनऊ पहुंच कर अमौसी हवाई अड्डे से बाहर आ रहे थे। उन्‍होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक बार फिर सरकार के निर्देश पर जानबूझकर सपाइयों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के लाठीचार्ज में एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी द्वारा मायावती सरकार के विरूद्ध आंदोलन ‘बसपा हटाओ, प्रदेश बचाओ’ चलाया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों के विरोध में समाजवादी पार्टी गत सात मार्च से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी जन-आंदोलन चला रही है। अखिलेश यादव को आज इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करना था। प्रदर्शन में हिस्सा लेने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

सपा द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का आज तीसरा और आखिरी दिन है। इससे पहले पिछले दो दिनों में राज्य के विभिन्न इलाकों में सपा द्वारा किए प्रदर्शनों के दौरान सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। समाजवादी पार्टी अपने आंदोलन को और अधिक उग्र बनाने के लिए सरकारी कार्यालयों में भी ताला लगा रही है|