25 को लखनऊ में बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में जीत का मंत्र देंगे अमित शाह

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन धार्मिक सामाजिक

लखनऊ:भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह 25 दिसंबर को लखनऊ में रहेंगे। उनका लखनऊ प्रवास में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के साथ भाजपा के बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। इसमें वह बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देंगे।
सपा-बसपा गठबंधन की सुगबुगाहट और छत्तीसगढ़, राजस्थान व मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सीधी जीत से उभरी नई चुनौती को भाजपा ने गंभीरता से लिया है। लोकसभा चुनाव में 73 से ज्यादा सीट जीतने के लिए भाजपा ने जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में अब सभी छह क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन होगा और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह उन्हें जीत का मंत्र देने आएंगे। कई और नए कार्यक्रम तय किये गये हैं। इसके लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कर दी गई है।
भाजपा मुख्यालय में कल प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष व संगठन मंत्री तथा मोर्चों के प्रभारियों की बैठक में कई अहम फैसले हुए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने की जबकि भावी रणनीति पर प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने प्रकाश डाला। इस दौरान पिछले कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि पार्टी सभी छह क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन करेगी। यह सम्मेलन 15 जनवरी के बाद और 10 फरवरी के पहले तक प्रस्तावित हैं।
भाजपा प्रदेश के सभी 18 कमिश्नरी मुख्यालय पर सेक्टर संयोजकों का सम्मेलन करेगी। इन सम्मेलनों में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा शासित कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। पार्टी ने 20 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच सहकारिता, शिक्षक, विधि व व्यापार प्रकोष्ठ के सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया है। कमिश्नरी स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन, क्षेत्रीय स्तर पर मीडिया कार्यशाला, क्षेत्रीय बैठकें होंगी जबकि विधानसभा स्तर पर फरवरी में बाइक रैली निकालने पर भी चर्चा हुई। भाजपा के 36 जिलों के कार्यालय के उद्घाटन पर भी चर्चा हुई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का कार्यक्रम मिलने के बाद इसकी तारीख घोषित की जाएगी।
26 फरवरी को निकलेगी कमल विकास ज्योति यात्रा
भाजपा ने पहले 26 जनवरी को केंद्र व प्रदेश सरकार के लाभार्थियों की दहलीज पर कमल विकास ज्योति जलाने की तैयारी की थी लेकिन, इसमें बदलाव किया गया है। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा फरवरी में यह अभियान चलेगा और 26 फरवरी को कमल ज्योति विकास यात्रा निकलेगी।
62 हजार से अधिक गांवों में पदयात्रा, 6120 गांवों में चौपाल
समीक्षा में यह बात आई कि महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष में भाजपा कार्यकर्ताओं ने 62695 गांवों में पदयात्रा निकाली और 6120 गांवों में चौपाल लगाई। केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के 1.25 करोड़ पत्रक घर-घर तक पहुंचाए गये। पदयात्रा में महिला मोर्चा की सहभागिता से प्रदेश में 50 लाख से अधिक महिलाओं तक पार्टी द्वारा सीधा संपर्क संवाद स्थापित हुआ।
भाजपा के सामने ध्वस्त होंगे सारे गठबंधन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि हम दूरगामी राजनीति वाले जिम्मेदार दल हैं जो हर परिस्थिति और हर पार्टी को चुनौती मानते हैं, लेकिन हम हर चुनौती से पार पाएंगे और सभी गठबंधन भाजपा के सामने ध्वस्त होंगे। यह देश गुजराल और देवगौड़ा जैसी सरकारें फिर से नहीं देखना चाहता है।