लुईस, उर्मिला, सौरभ, कुलदीप, महेश, अनुपम, मोहन, महावीर की जमानत जब्त

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कुल पड़े वैध मतों का छठा हिस्सा भी वोट बटोर नहीं पाए कुल चौसठ प्रत्याशियो में से 54 प्रत्याशी| फर्रुखाबाद सदर सीट पर विजय सिंह विजयी हुए तो भाजपा के मेजर सुनील और बसपा के मो उमर खान ही केवल जमानत बचा सके| भोजपुर से जमालुद्दीन जीते तो केवल मुकेश राजपूत की ही जमानत बच सकी| अमृतपुर विधानसभा में नरेन्द्र सिंह यादव विजयी हुए तो केवल डॉ जितेन्द्र यादव और भाजपा के सुशील शाक्य की जमानत बच पायी| कायमगंज से अजीत कठेरिया जीते तो वही जमानत भी केवल भाजपा के अमर सिंह खटिक की ही बच सकी|

फर्रुखाबाद में कुल वैध मत निकले 174209 तो जमानत बचाने के लिए 29035 वोटो की जरुरत थी| मगर विजय सिंह, सुनील द्विवेदी और उमर खान के बाद अन्य सभी की जमानत जब्त हो गयी| जमानत जब्त कराने वाले फर्रुखाबाद में प्रमुख रहे समाजवादी पार्टी की उर्मिला राजपूत, कांग्रेस की लुईस खुर्शीद, जन क्रांति पार्टी के मोहन अग्रवाल और निर्दलीय प्रत्याशी अनुपम दुबे| अमर सिंह की लोकमंच पार्टी के उमीदवार शिवेंद्र विक्रम सिंह को केवल 532 वोट मिले| वहीँ पीस पार्टी के शिव शरण को केवल 741 लोगो ने ही पसंद किया|

भोजपुर विधानसभा में कुल 172326 वैध मत पड़े जिसमे जमानत बचाने के लिए 28721 वोटो की दरकार थी| जमालुदीन सिद्दीकी ने जीत का सेहरा बांधा तो जन क्रांति पार्टी के मुकेश राजपूत अपनी जमानत बचाने में सफल रहे| इसके बाद तो तीन तीन धुरन्धरो की जमानत जब्त हो गयी| कांग्रेस के रामसेवक यादव, भाजपा के सौरभ राठौर और 35 हजार से जीत का दावा करने वाले बसपा के महेश राठौर भी जमानत नहीं बचा सके| अमरसिंह की पार्टी लोकमंच के हरगोविंद सिंह को कुल 633 लोगो ने ही पसंद किया|

कायमगंज में कुल 195491 वैध वोट पड़े जिसमे जमानत बचाने के लिए 32582 वोटो की जरुरत थी| समाजवादी पार्टी के अजीत कठेरिया ने जीत का स्वाद चखा तो वहीँ केवल भाजपा के अमर सिंह खटिक ही अपनी जमानत बचा सके| सलमान खुर्शीद के गढ़ में कांग्रेस की शकुन्तला गौतम, अमर सिंह की लोकमंच की रीटा लक्ष्मी सहित बसपा के अनुराग गौतम की जमानत भी जब्त हुई| ये हाल तब है जब यहाँ बसपा का विधायक था| महान दल रामविलास माथुर और जन क्रांति पार्टी के पवन गौतम को भी जनता ने विधायक बनने के काबिल न समझा|

अमृतपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के नरेन्द्र जीते| यहाँ कुल 158457 वैध मत पड़े जिसमे जमानत बचाने के लिए 26410 वोट चाहिए थे जिससे कम से कम इज्जत बच सके| भाजपा के सुशील शाक्य और जन क्रांति पार्टी के डॉ जितेन्द्र यादव की जमानत तो बच गयी मगर वर्तमान कायमगंज के बसपा विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप ग्नाग्वर, बसपा के महावीर राजपूत सहित अन्य सभी की जमानत न बच सकी|