पत्रकार हत्याकांड में चश्मदीद महिला ने दर्ज कराए बयान

Uncategorized

putla_dahanशाहजहांपुर: पत्रकार जगेंद्र की जलाकर हत्या किए जाने की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने आज अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राखी दीक्षित की अदालत में बयान दर्ज कराए। केस के लिहाज से बयान बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकार जगेंद्र सिंह की हत्या के मामले में पुत्र राघवेंद्र ने राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा, इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश राय समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। केस के दो अहम गवाहों में से एक प्रत्यक्षदर्शी महिला को पुलिस ने एसीजेएम की अदालत में पेश किया। मजिस्ट्रेट ने महिला के कलमबंद बयान दर्ज किए। महिला के बयान से केस की दिशा तय होगी।

राज्य सरकार का पुतला फूंका

कांग्रेस सेवादल के शहर अध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निशात तिराहे पर सपा सरकार का पुतला फूंका। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

परिजनों धरने पर रहे, वीएम पहुंचे

पत्रकार के परिजनों का बेमियादी धरना चौथे दिन भी जारी रहा। पिता सुमेर सिंह ने कहा कि जल्द ही उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो अनशन शुरू कर दिया जाएगा। पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष वीएम सिंह समर्थकों के साथ खुटार पहुंचे और जगेंद्र के परिजनों को सांत्वना दी। वीएम सिंह ने आरोप लगाया कि सपा सरकार हत्या में नामजद राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा को बचाने का प्रयास कर रही है, इसीलिए सीबीआइ जांच की मांग को अनदेखा कर रही है। हम हर हाल में सीबीआइ जांच कराएंगे, भले ही इसके लिए कोर्ट जाना पड़े।

पत्रकारों का धरना जारी

हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीडि़त परिवार को मुआवजा तथा पुत्र को नौकरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर शाहजहांपुर पत्रकार संघर्ष समिति के बैनर तले कलेक्ट्रेट में पत्रकारों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। भाजपा नेत्री रागिनी सिंह भी धरने में शामिल हुईं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।