मुलायम का अल्टीमेटम : लोहिया जी के सिद्धांतों को मानने वाले को ही टिकट

Uncategorized

mulayamलखनऊ: समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आज पार्टी के कार्यकर्ता के साथ ही नेताओं को अल्टीमेटम दिया है। सपा नेता तथा लेखक बदरी विशाल के जन्मदिन पर सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सपा सुप्रीमो के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी थे।

सपा नेता बदरी विशाल के जन्मदिन पर मुलायम ने कार्यकर्ताओं को बताया कि नारेबाजी के साथ-साथ पढ़ाई भी बेहद जरूरी है। अगर हमारे कार्यकर्ता लोहिया जी के सिद्धांतों को पढ़ेंगे तो पार्टी और मजबूत होगी। मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ताओं को डॉक्टर राम मनोहर लोहिया ने सीख लेने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी में लोहिया जी के सद्धांतों को मानने के साथ ही उनके साहित्य को पढऩे वालों को ही पार्टी का टिकट मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमको तो डॉ. लोहिया के संघर्ष के दिन अभी भी याद हैं। लोहिया जी, चुनाव खत्म होने तक प्रचार करते थे।

लोहिया जी के भाषण लोगों को आज भी याद हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गंगा नदी की सफाई की बात कर रहे हैं, लेकिन लोहिया जी ने करीब 50 वर्ष पहले ही नदियों की सफाई की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि सभी सहायक नदियों को साफ करने के बाद ही गंगा की सफाई हो सकती है। केंद्र सरकार गोमती नदी की सफाई करा दे तो गंगा नदी भी साफ हो जाएगी।

इस अवसर पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हम केंद्र की मोदी सरकार को जरा भी चैन लेने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के खिलाफ हमने एक मजबूत विपक्ष खड़ा करने की ठानी है। इसकी प्रक्रिया जारी है। बीजेपी के खिलाफ सभी को एक करने की कोशिश चल रही है। विपक्षी दलों के साथ दिल्ली में तीन बार बैठक हो चुकी है। एक मजबूत विपक्षी मोर्चा बनाकर हम केंद्र को किसान विरोधी काम नही करने देंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों ने बहुत संघर्ष किया है। सपा सरकार ने सड़क चिकित्सा,रोजगार दिया है। सपा सरकार विकास के रास्ते पर चल रही है। सरकार नेताजी के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने बिना किसी दिखावे के गरीब तथा महिलाओं की बड़े पैमाने पर मदद की है। समाजवादी लोगों ने बिना भेदभाव के विकास का काम किया। उत्तर प्रदेश में सरकार जनता की है। सपा में जनता के विचारों पर विकास कार्य हो रहा। हमारी सरकार में किसी के साथ भी जरा सा अन्याय नही होगा। सपा से हर वर्ग के लोग जुड़े हैं।