हेलीकॉप्टर घोटले की रकम से दिल्ली में खरीदी गईं संपत्तियां

Uncategorized

augusta-westland242नई दिल्ली: देश के वीवीआईपी लोगों के लिए हेलीकॉप्टर खरीदने में हुए घोटाले से दिल्ली में महंगी-महंगी संपत्तियां खरीदी गई हैं। नेटवर्क 18 आज ये सच सामने ला रहा है। हमें पता चला है कि आखिर ऑगस्टा वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर की खरीद के लिए दिए गए कमीशन का पैसा कहां गया। सूत्रों के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय ने पता चला लिया है कि इस घोटाले के किंगपिन क्रिस्चियन मिशेल ने उस पैसे से दिल्ली में तीन जगहों पर 4 महंगी बेनामी संपत्तियां खरीदीं।

सूत्रों का कहना है कि घोटाले के पैसे से सफदरजंग, महरौली और ईश्वर नगर में 4 संपत्तियां खरीदीं गईं हैं। और अब प्रवर्तन निदेशालय इन बेनामी संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। सूत्रों के मुताबिक क्रिस्चियन मिशेल ने दिल्ली स्थित ट्रैवेल एजेंट आर के नंदा के जरिए ये बेनामी सौदे किए। ये सौदे करने के लिए दुबई से पैसा आर के नंदा की एक फर्म में ट्रांसफर किया गया। सूत्रों का कहना है कि पैसा मिलते ही नंदा की इस फर्म ने ये बेनामी सौदे किए।

क्या है अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला?

-भारत ने वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों के लिए फिनमैकानिका कंपनी के साथ फरवरी 2010 में सौदा किया।

– सरकार और फिनमैकानिका कंपनी के साथ 3,850 करोड़ का सौदा हुआ।

– सौदे के तहत भारत को 12 अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर मिलने थे।

– हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल प्रधानमंत्री समेत दूसरे नेताओं को करना था।

– इटली की कंपनी ने तीन हेलीकॉप्टरों की सप्लाई की गई।

– इस सौदे में 350 करोड़ रुपए घूस देने की बात सामने आई।

– घोटाले के खुलासे के बाद बाकी बचे 9 हेलीकॉप्टरों की डिलिवरी पर रोक लगा दी गई।

– रक्षा मंत्रालय ने इस सौदे की सीबीआई जांच का आदेश दिया।

– फरवरी 2013 में इटली में फिनमैकानिको कंपनी का सीईओ गिरफ्तार।

– पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी पर लगा आरोप।

– 2006 में हेलीकॉप्टर सौदे के लिए टेंडर निकाला गया था।

– एसपी त्यागी 2006 में वायुसेना के अध्यक्ष थे।

– एसपी त्यागी के करीबी रिश्तेदार संजीव त्यागी पर घोटाले का आरोप लगा।

– कथित दलाली में जांच के दायरे में तीन भारतीयों में संजीव त्यागी भी शामिल।