नई ग्राम पंचायतों का गठन देर रात तक होने की उम्मीद, मंथन जारी

Uncategorized

GRAM PANCHAYATफर्रुखाबाद: नई ग्राम पंचायतों के गठन का काम सोमवार को देर शाम तक पूरा नहीं हो सका| डीपीआरओ और पंचायत विभाग के लिपिक व कर्मचारी दिन भर ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर माथापच्ची करते रहे| लेकिन शाम तक कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका| खबर लिखे जाने तक नई पंचायतों के गठन को लेकर मंथन जारी है| देर रात तक कोई फैसला होने की उम्मीद है|

ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन की अंतिम समय सीमा 20 अक्टूबर नियत थी| लेकिन कई तरह की पेचीदगियों के चलते पुनर्गठन का काम सोमवार को देर शाम तक पूरा नहीं हो सका| नवीन ग्राम पंचायतों के गठन लेकर लगभग तीन सैकड़ा के करीब आवेदन डीपीआरओ कार्यालय को प्राप्त हुए थे| जिनमे अधिकांश आवेदन नियमों की कसौटी पर खरे नहीं उतरते थे| नियमानुसार आवेदन नहीं होने पर भी लोगों ने ग्राम पंचायतों को बनवाने और कटवाने के लिए एडी चोटी का जोर लगाया| कुछ लोगों ने तो अपने राजनैतिक कद को भी इस कार्य के लिए दांव पर लगा दिया| शासन में विशेष पकड़ रखने वाले लोगों ने जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों से इस काम के लिए पत्र लिखवाए और फोन का भी सहारा लिया| जिसके चलते नई ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन का काम उलझता चला गया| जिला पंचायत राज अधिकारी ग्रीशचन्द्र अंतिम दिन भी अपने कार्यालय के कर्मचारियों के साथ दिन भर ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर माथापच्ची करते रहे| लेकिन शाम तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँच सके| लिहाजा जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को सभी संबंधित पत्रावलियों के साथ तलब कर लिया| अब जिलाधिकारी की निगरानी में ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन का कार्य हो रहा है| जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने बताया कि देर रात तक ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन का काम पूरा हो जाएगा| अभी तक जिले में कुल 512 ग्राम पंचायतें हैं| अब देखना होगा कि और नई कितनी ग्राम पंचायतें बनती हैं|