खुशखबरी:बृहस्पति लाएंगे ‘अच्छे दिन’!

Uncategorized

guru 1नई दिल्ली। देवगुरु बृहस्पति अच्छे दिन लाने वाले हैं। चहुंओर सुख सौख्य बढ़ेगा। धर्म, संस्कार और परंपराओं को बल मिलेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन और तकनीकी क्षेत्रों की दशा-दिशा सकारात्मक होगी। देरी से आने वाला मानसून बृहस्पति के कारण ही सामान्य या उससे अच्छा रहेगा। शासन प्रशासन पर लोगों का विश्वास बढ़ेगा। अच्छाई और अनुशासन को बल मिलेगा। चौथे, आठवें एवं बारहवें बृहस्पति का अवरोध स्वतः समाप्त माना जाएगा और सभी राशियो में विवाह संभव होगा। इतना ही नहीं भारत के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी के लिए बृहस्पति मार्गदर्शक एवं भाग्यवर्धक साबित होंगे। मोदी सरकार की उपलब्धियां बढ़ेंगी।
कर्क में प्रवेश के साथ। उच्च राशि कर्क में बृहस्पति गृह की उपस्थिति उसे हर्षित बनाएगी। ऐसे में वह चहुंओर ज्ञान, धर्म, संस्कार, अनुशासन, आदरभाव, सुख, सौख्य, धनधान्य इत्यादि को बढ़ावा मिलेगा। सेना का मनोबल उंचा होगा। शैक्षिक संस्थानों की प्रतिष्ठा लौटेगी। बड़े शैक्षिक संस्थानों की आधारशिला रखा जाना संभावित रहेगा। श्रेष्ठ कार्यों से जुड़े लोग उचित स्थान और सम्मान प्राप्त करेंगे।
मौसम विभाग की कमजोर मॉनसून की आशंका को बृहस्पति गलत साबित करेंगे। देरी से आया मॉनसून देर तक रहेगा और अच्छी वर्षा करेगा। कृषि क्षेत्र संवरेगा। किसान को राहत मिलेगी। प्राकृतिक उत्पाद बढ़ेंगे। वनोपज और पशुधन को बल मिलेगा। भारत जैसे कृषि प्रधान देशों में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। बृहस्पति को सही की सीख देने वाला और उसे आत्मसात करने वाला माना जाता है। प्रभावतः विश्व में न्याय, धैर्य, शुभकार्य, धर्मभाव को बढ़ावा मिलेगा। लोग प्राचीन श्रेष्ठताओं की ओर देखेंगे एवं उनसे प्रेरित होंगे। आपसी भाईचारा और विश्वास बढ़ेगा सांस्कृतिक-प्रशासनिक गतिविधियों में उत्साह का संचार रहेगा। परिवारिक इकाई मजबूत होगी।
प्रथमतः 12 जुलाई तक बृहस्पति सर्वाधिक शुभकारक रहेंगे। इस दौरान भारत में अच्छी वर्षा के संकेत रहेंगे। मेष, सिंह और धनु राशि के विवाह योग्य वर-कन्याएं जिनके गुरू कर्क राशि में प्रवेश के साथ चौथे आठवें एवं बारहवें हो जाएंगे, वे जातक भी विवाह कर सकेंगे। तत्पश्चात् गुरु 4 अक्टूबर 2014 से उदय होंगे और 23 अक्टूबर के दीपोत्सव पर्व में उमंग-उत्साह भरेंगे। 3 नवंबर 2014 से देवप्रबोधिनी से पुनः सभी राशि के जातकों मांगलिक कार्यां में शुभता भरेंगे।
विभिन्न राशियों पर बृहस्पति के प्रभाव की बात की जाए तो मेष, सिंह, धनु राशि के लिए बृहस्पति सहज सुख और अनुशासन के अंकुश के साथ सहजता का मार्ग प्रशस्त करेंगे। वृष, कन्या, मकर राशि के लिए बृहस्पति क्रमशः साहस-संपर्क, अर्थ और निजी जीवन में खुशियों का संचार करेंगे।
मिथुन, तुला कुंभ राशि के लिए गुरु क्रमशः सुख-संवृद्धि एवं कौटुम्बिक जुड़ाव, पद प्रतिष्ठा कारक एवं बाधामुक्त व निरोगी बनाएंगे। कर्क, वृश्चिक व मीन राशि के लिए वे सर्वाधिक हितकर रहेंगे और क्रमशः प्रभावशीलता, भाग्य प्रबलता एवं शिक्षा-प्रेम-प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देंगे।