LIVE: केजरीवाल ने साबित किया बहुमत

Uncategorized

manish arvind6.43 बजेः चौधरी मतीन अहमद का ऐलान, केजरीवाल ने पास किया विश्वास मत प्रस्ताव।

6.42 बजेः प्रोटेम स्पीकर चौधरी मतीन अहमद ने सदस्यों को खड़ा कर पूछा कि इस प्रस्ताव के पक्ष में कौन है और विरोध में कौन है?

6.41 बजेः केजरीवाल ने कहा‌ कि मैं तीन सवाल रखना चाहता हूं। आम आदमी की लड़ाई में सदन का कौन-कौन सदस्य साथ है? सदन के सामने सवाल है कि देश में सच्ची और ईमानदार राजनीति में कौन-कौन साथ है?‍ कौन-कौन सदस्य है जो हमारे जरिए उठाए गए मुद्दों पर साथ हैं? मैं सदन से इस विश्वास मत को पास कराने का आग्रह करता हूं।

6.40 बजेः दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृ‌त कॉलोनियों को सहूलियत मिले। कारोबारी ईमानदारी से काम करना चाहते हैं, लेकिन उनके साथ भी सही व्यवहार नहीं होता। रीटेल में एफडीआई का विरोध हम भी करते हैं, भाजपा भी करती है। मुझे तो नहीं लगता कि इसमें कोई दिक्कत होनी चाहिए। लाल डोरा का ‌विस्तार होना चाहिए। सरकारी स्कूलों की हालत में सुधार जरूरी है। निजी स्कूलों ने जो अंधेर मचा रखा है, उसे रोकना होगा। सरकारी अस्पतालों का हाल बुरा है। महिला सुरक्षा के लिए अलग दल बनाने की जरूरत है।

6.35 बजेः
केजरीवाल ने कहा कि वीआईपी कल्चर खत्म करना जरूरी है। जब कोई नेता निकलता है, तो ट्रैफिक रुक जाता है। कहते हैं कि उनका वक्‍त बर्बाद होता है। मैं तीन-चार दिन से रोज निकल रहा हूं और ट्रैफिक में फंसता भी हूं, लेकिन मेरा कोई वक्‍त खराब नहीं हुआ।

6.30 बजेः केजरीवाल ने कहा कि हमें सोचना होगा कि हम जैसे आम लोगों को चुनाव लड़ने की जरूरत क्यों पड़ी? आज तमाम चीजें खराब हैं, क्योंकि राजनीति खराब है। हम सभी को मिलकर इस राजनीति को सुधारना होगा। देश के नेताओं को लगा कि आम आदमी चुनाव नहीं लड़ सकता। हमारे सामने यह क्या खड़ा होगा? लेकिन नेता यह भूल गए कि देश के खेतों में आम आदमी काम करता है, नेता नहीं करते। मशीनें, ऑटो आम आदमी चलाता है। रिसर्च वही करता है। चांद पर वही जाता है। इनमें से कोई भी काम नेता नहीं करते।

6.20 बजेः दिल्ली के नए सीएम ने कहा कि आम आदमी ने ठान लिया क‌ि चुनाव लड़ेंगे। लेकिन न बल था, न पैसा था। यह असंभव सी लड़ाई है। किसने सोचा थ‌ा कि साल भर पुरानी पार्टी 28 सीटें जीत जाएगी। नेता मजाक उड़ाते थे। लेकिन ईश्वर साथ था। 4 और 8 दिसंबर को चमत्कार हुआ। पहले भगवान पर यकीन नहीं था, लेकिन अब यकीन हो गया।‌ दिल्ली की आम जनता ने भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ने के लिए पहला कदम उठाने की जुर्रत की। अब देखना यह है कि इस सदन का कौन-कौन आदमी इस कोशिश में साथ है?

6.15 बजेः
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे लिए हर वो आदमी, आम आदमी है जो ईमानदार व्यवस्‍था चाहता है। और हर वो आदमी खास है, जो भ्रष्ट है। मैं विश्‍वास दिलाता हूं कि भ्रष्टाचार कोई भी करे, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

5.15 बजे: विधानसभा में जेडीयू विधायक शोएब इकबाल के बयान पर हंगामा। गुस्से में इकबाल ने अपना कोट उतार दिया। ऐसा बताया जा रहा है कि वह बोलने के लिए कम वक्त दिए जाने से खफा थे। उन्हें बोलने के लिए 2 मिनट का वक्त दिया गया था। शोएब इकबाल और भाजपा विधायकों के बीच तू तू-मैं मैं हुई। इसपर प्रोटेम स्पीकर चौधरी मतीन अहमद ने इकबाल को चेतावनी भी दी।

4.35 बजे: विधानसभा में विश्वास मत पर 5 बजे के बाद वोटिंग होगी।

4.30 बजे: अब तक हुई बहस में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्हें नैतिक जनादेश मिला है और वे जनता के विकास के लिए सदन का समर्थन चाहते हैं। भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन का कहना था कि केजरीवाल ने कांग्रेस का समर्थन लेकर जनता को धोखा दिया है। कांग्रेस का पक्ष रखते हुए अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि वह जनता के आदेश को समर्थन दे रहे हैं और जब तक AAP सरकार जनता की भलाई के लिए काम करेगी, कांग्रेस का समर्थन जारी रहेगा, यह अवधि 5 साल भी हो सकती है।

4.00 बजे: आम आदमी पार्टी के 28 विधायकों के अलावा कांग्रेस ने विश्वास मत को समर्थन देने की बात कही है। कांग्रेस के विधानसभा में 8 विधायक हैं। वहीं, जेडीयू के अकेले विधायक शोएब इकबाल ने भी सरकार को समर्थन देने की बात कही है। भाजपा विश्वास मत के खिलाफ वोट करेगी।

3.40 बजेः अरविंदर सिंह लवली ने कहा क‌ि अफसर आम आदमी पार्टी और उनके नेता केजरीवाल को गुमराह कर रहे हैं। पहले कहा जा रहा था कि जब तक बजट पास नहीं होता, तब तक कोई सब्सिडी नहीं दी जा सकती। जब बजट पास नहीं हुआ, तो पैसा कहां से आया? कौन सी मद का पैसा सब्सिडी में खर्च कर रहे हैं, यह पता होना चाहिए। हम नकारात्मक सोच के साथ इस गठबंधन की शुरुआत नहीं करना चाहते।

[bannergarden id=”17″]
3.30 बजेः
अरविंदर सिंह लवली ने किया ‌आम आदमी पार्टी के फैसले से असल में पानी महंगा हुआ है। इसके अलावा उन्होंने बिजली पर फैसला किया। बिजली पर ‌सब्सिडी दी गई, तो वही काम हम कर रहे थे। आम आदमी पार्टी ने अलग क्या कर दिया?

3.25 बजेः
हमने इसलिए आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया, ताकि दिल्ली पर दोबारा चुनाव न थोपे जाएं। अगर ऐसा होता, तो दिल्ली अफसरशाही के हवाले रहती। हमने बिना किसी बातचीत के समर्थन दिया। समर्थन दिया ताकि लोकतांत्रिक सरकार बने। जब तक ये लोग दिल्ली के लोगों के हक में फैसले करेंगे, यह समर्थन जारी रहेगा। केजरीवाल कहते रहते हैं कि हमारी सरकार 48 घंटे है। लेकिन मैं वादा करता हूं कि हमारा समर्थन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी, तो पांच साल समर्थन जारी रहेगा।

3.20 बजेः
अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम जांच के लिए तैयार हैं। लेकिन इसके साथ-साथ एमसीडी के भ्रष्टाचार की भी जांच होनी चाहिए। डॉ. ‌हर्षवर्धन सदन को गुमराह कर रहे हैं।

[bannergarden id=”11″]
3.10 बजे:
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम दिल्ली की सरकार को समर्थन देते हैं।

3.05 बजे: डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि दिल्ली में सिर्फ 8 लाख घरों में पानी का मीटर है। 10 लाख से ज्यादा लोगों के घरों में पानी का मीटर नहीं है। ऐसे में मुख्यमंत्री के फैसले से जनता को मुफ्त पानी कैसे मिलेगा?

3.00 बजे: डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण से ठीक पहले दिल्ली में सीएनजी के दाम क्यों बढ़ाए गए? उन्होंने पूछा कि आप बताइए कि ‌सीएनजी की कीमतें कब वापस ली जाएंगी?

2.55 बजे:
डॉ. हर्षवर्धन ने दिल्ली के नए मंत्री मनीष सिसोदिया की संस्‍था ‘कबीर’ पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री केजरीवाल अपने मंत्रियों के खिलाफ जांच कराएंगे?

2.50 बजे: डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि आप के एक नेता ने बयान दिया कि कश्मीर मुद्दे पर जनमत संग्रह कराया जाए और कश्मीर के लोग अगर पाकिस्तान के साथ जाना चाहते हैं, तो उन्हें जाने दिया जाए।
[bannergarden id=”8″]
2.45 बजेः डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मैं भी मेट्रो से खूब सफर करता हूं लेकिन किसी मीडियाकर्मी को जानकारी नहीं दी जाती। आप गए, तो पूरा मीडिया साथ था।

2.40 बजेः
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल इस बात का जवाब दें कि जन लोकपाल बिल को लेकर उन्होंने जनता से झूठ क्यों बोला? मेट्रो में जाने का नाटक किया। ऐसे में कोई हादसा हो सकता था। केजरीवाल सुरक्षा न लेने का ड्रामा किया। शपथ ग्रहण के दौरान रामलीला मैदान में 4000 सुरक्षाकर्मी तैनात थे। आपने कहा कि सरकारी मकान नहीं लेंगे, लेकिन हमें जानकारी मिली है तिलक मार्ग पर दो सरकारी फ्लैट सुरक्षित कर दिए गए। यह सारी कार्रवाई विश्वास मत से पहले पूरी कर ली गई।

2.30 बजेः
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि हमें यह समझ नहीं आ रहा कि केजरीवाल जितनी तेजी दूसरे मुद्दों पर दिखा रही है, उतनी पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और कांग्रेस के दूसरे मंत्रियों के खिलाफ जांच कराने में क्यों नहीं दिखाई? कांग्रेस हम नहीं जानते कि केजरीवाल की क्या मजबूरी है क‌ि जिस पार्टी के खिलाफ वह चुनाव लड़े, उसी पार्टी के साथ गठबंधन की सरकार बनाई और पर्दे के पीछे से उन्हें लाकर सरकार में बैठा दिया।

2.25 बजेः
भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि 15 साल से सरकार चला रही कांग्रेस 8 सीट पर सिमट गई। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस से न समर्थन लेंगे और न देंगे। कसम भी खाई। जब कसम टूटती है, तो सच्चाई उजागर होती है। सभी इस बात से सहमत हैं कि कांग्रेस ने घोटाले किए, इसलिए जनता ने उसे नकार दिया। हमने उसके खिलाफ आरोपपत्र भी तैयार किया।

2.25 बजेः
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि अन्ना हजारे ने आंदोलन किया और अरविंद केजरीवाल ने जब राजनीति में उतरने का फैसला किया, तो हमें खुशी हुई। दिल्ली में चुनाव हुआ, तो केजरीवाल ने कहा क‌ि दिल्ली के लोगों को विजय दिलानी चाहिए। और जो सबसे ईमानदार लोग थे, उन्हें सबसे ज्यादा सीटें दिलाईं।

2.20 बजेः भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि पिछले 15 साल से इस सदन में शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थे। उनसे पहले मदनलाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज सीएम रह चुके हैं। आज केजरीवालजी सीएम के रूप में बैठे हैं।

2.18 बजेः सिसोदिया ने कहा कि हमने जो मुद्दे सामने रखे, वह किसी पार्टी या नेता के मुद्दे नहीं है। ये सभी मुद्दे आम जनता के हैं। आज दिल्ली पर देश की नजर है। उम्मीद है कि सभी सदस्य अपनी पार्टी, अपनी विचारधारा से ऊपर उठकर जनता का साथ देंगे। इसी उम्मीद में मैं आह्वान करते हुए कि इस विश्वास मत प्रस्ताव को पास किया जाए।

2.16 बजेः सिसोदिया ने कहा क‌ि हमने सरकार बनाने के लिए कोई समझौता नहीं किया, कोई जोड़-तोड़ नहीं की। हम दिल्ली के किसानों का सम्मान लौटाएंगे। हमारा मकसद सादगी की राजनीति को आगे बढ़ाना है। दिल्ली की व्यवस्‍था उलझ गई है।

2.15 बजेः मनीष सिसोदिया ने कहा कि जनता ने उनकी पार्टी को बहुमत भले न दिया हो, लेकिन नैतिक जनादेश जरूर दिया है। उन्होंने कहा क‌ि हम अपने वादे पूरे कर रहे हैं।

2.09 बजेः
दिल्ली के शिक्षा मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने सरकार की ओर से विश्वास मत प्रस्ताव पेश किया।

2.05 बजेः
ऐसी खबर आ रही है कि विधानसभा सदन के भीतर दर्शक दीर्घा में बैठे कुछ लोग आम आदमी पार्टी की टोपी पहनकर बैठे हैं। भाजपा ने इस बात पर हंगामा मचा दिया है।

2 बजेः
भाजपा की ओर से आपत्ति दर्ज कराने के बाद आज विधानसभा में आम आदमी पार्टी के सभी विधायक अपनी टोपी उतारकर पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी आम आदमी पार्टी की टोपी आज नहीं पहनी है।

1.20 बजेः अरविंद केजरीवाल विधानसभा पहुंचे। पेश करेंगे विश्वासमत प्रस्ताव।

1 बजेः दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने घर से विधानसभा के लिए निकले, तो रोस्ते में सड़क जाम में फंसे हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को सरकार गिरने की कोई फिक्र नहीं है।

12.45 बजेः अरविंद केजरीवाल अपने घ्‍ार से विधानसभा के लिए रवाना हुए। चुनावों में जीत और दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद आज उनके सामने अपनी सरकार बचाने की चुनौती है।

12.20 बजेः समाजसेवी और अरविंद केजरीवाल के ‘गुरु’ अन्ना हजारे ने विश्वास जताया है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने में कामयाब रहेगी।

12.10 बजेः
विधानसभा में आम आदमी पार्टी की ओर से मनीष सिसोदिया व‌िश्वासमत प्रस्ताव पेश करेंगे। आम आदमी पार्टी की ओर से 8 विधायकों को इस पर बोलने का मौका मिलेगा।

12 बजेः कांग्रेस के विधायक अरविंदर सिंह लवली और चौधरी मतीन अहमद ने साफ किया है कि कांग्रेस समर्थन के मुद्दे पर कायम है।

11.55 बजेः भारतीय जनता पार्टी ने प्रस्ताव के खिलाफ वोट करने के लिए अपने विधायकों को व्हिप जारी किया है। डॉ. हर्षवर्धन ने इसकी जानकारी दी।

11.45 बजेः अरविंद केजरीवाल कई बार आशंका जता चुके हैं कि कांग्रेस जोड़तोड़ करके सरकार गिरवा सकती है। बुधवार को ‘आप’ के नेता संजय सिंह ने भी आशंका जाहिर की। उनका कहना है कि कहीं भितरघात न हो जाए।