अब दिल्ली सरकार की बारी, केजरीवाल कर सकते हैं बड़ा खुलासा

Uncategorized

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी और कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर अपने पोल खोल अभियान के दौरान भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने अब दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। शुक्रवार को केजरीवाल शीला दीक्षित के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ बड़ा खुलासा कर सकते हैं।
Arvind Kejriwal
अगर हम भूतकाल के पन्नों को देंखे तो केजरीवाल पहले ही दिल्ली सरकार पर बिजली कंपनियों से मिली भगत कर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते रहें हैं। इसी के चलते शुक्रवार को केजरीवाल यह ऐलान कर सकते हैं कि बिजली घोटाले का पैसा किस-किस के खाते में गया है। [bannergarden id=”8″]

केजरीवाल ने कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में यह ऐलान किया था कि उनकी पार्टी एक फरवरी से दिल्ली सरकार के खिलाफ अपना अभियान चलाएगी। आम आदमी पार्टी के इस अभियान के तहत दिल्ली सरकार के बिजली और पानी बिल के घोटालों का राजफाश किया जाएगा।

गौरतलब है कि शीला दीक्षित के राजनीतिक सचिव पवन खेड़ा ने दिल्ली की एक अदालत में अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ आपराधिक मानहानि मामले में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद अदालत ने केजरीवाल के खिलाफ समन जारी किया है।

अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलियन मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मलिक ने पवन खेड़ा की शिकायत पर अरविन्द केजरीवाल को 20 मार्च को आरोपी के तौर पर बुलाया है। पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि एक टेलीविज़न कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ गलत भाषा का प्रयोग किया।