प्रेमिका ने शादी से मना किया तो खुद को गोली से उड़ाया

Uncategorized

फर्रुखाबाद : कहावत है कि इश्क परवान चढ़ता है तो जान ले लेता है, ऐसा ही एक प्रेमी के साथ हुआ। प्रेमिका की बेबफाई से क्षुब्ध युवक ने अपनी जान को ही गंवाने का फैसला कर लिया और लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौडे हुए छत पर पहुंचे। जहां उन्हें घायल युवक दिखाई दिया। कुछ ही देर में पडोसी भी घटना स्थल पर पहुंच गये। आनन फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया के लिए रिफर कर दिया।
थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी २० वर्षीय साबिर खां पुत्र रहीम खां ने शुक्रवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अपने पिता की लाईसेंसी बन्दूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गोली की आवाज सुनकर परिजन तथा देखने वाले घटना स्थल पर पहुंच गये। जहां परिजनों का कोहराम मच गया। घायल साबिर को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लोहिया फर्रूखाबाद के लिए रिफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक उसे लोहिया से भी कानपुर के लिए रिफर कर दिया गया।

साबिर के पिता रहीम ने बताया कि मेरा पुत्र दो दिन पूर्व ही गुजरात से घर लौटा था। उन्होंने बताया कि मेरे चार पुत्र हैं। जिनमें से एक पुत्र समीम गोवा में आर्मी में सेवारत है। दूसरा पुत्र साबिर है और तीसरा पुत्र गुजरात में रहकर अध्ययन कर रहा है। वहीं चौथा छोटा पुत्र मेरे साथ ही गांव में रहता है। साबिर रजलामई कालेज से आईटीआई का कोर्स कर रहा है।  साबिर चाय लेकर मेरे पास आया। मुझे जगाकर चाय पिलायी। इसके बाद उसने मेरे कमरे में रखे बक्से की चाबी लेकर उसे खोला और उसमें से मेरी बन्दूर निकाल ली। इसके बाद वह कुछ खोजने लगा। जिस पर मैने कहा कि बेटा क्या ढूंढ रहे हो। इस पर उसने जबाब नहीं दिया और बन्दूक लेकर जाने लगा तो मैने उसे रोका और पूंछा इसे कहां लिये जा रहे हो, क्या इसकी सफाई करोगे। वह हां कहकर बाहर निकल गया। इसी के लगभग 10 मिनट बाद ही गोली चलने की तेज आवाज सुनायी दी और छत पर कुछ गिरने की आवाज आयी। जिस पर हम लोग छत की तरफ दौड पडे। छत पर मुझे साबिर लहुलुहान पड़ा दिखायी दिया। उसके मुंह से धीमे स्वर में आवाजें निकल रही थी। लेकिन कुछ समझ में नहीं आ रहीं थीं। उसे देखकर मेरे हाथ पैर फूल गये। कुछ देर तक तो मै सन्नाटे की स्थित में खड़ा रहा। लेकिन शीघ्र ही मैने अपने बेटे को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार साबिर के प्रेम सम्बन्ध अपनी ही रिश्तेदारी में किसी लड़की से चल रहे थे। लड़की व उसके परिजनों ने उसके साथ शादी करने से मना कर दिया। जिससे क्षुब्ध होकर साबिर ने इस दुनिया को त्यागने का मन बना लिया और आज उसने अपने पिता की बन्दूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया।