गणतंत्र दिवस पर विद्यालय में ग्रामीणों ने किया आल्हा गायन व सांस्कृतिक कार्यक्रम

Uncategorized

फर्रुखाबाद: पूर्व माध्यमिक विद्यालय शमशेर नगर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक फुरकान अहमद ने झण्डारोहण का आयोजन किया। ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जिसमें आल्हा गायन के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

प्रातः 8 बजे प्रधान दारा सिंह व प्रधानाध्यापक फुरकान अहमद की अगुआई में शमशेर नगर में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी। प्रभातफेरी शमशेर नगर की समस्त गलियों में विद्यालय प्रबंध समिति एवं शिक्षकों के सहयोग से झण्डागान गाते हुए व नारों के साथ पुनः विद्यालय में पहुंची। विद्यालय में पहुंचकर 9 बजे झण्डारोहण कार्यक्रम हुआ। जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा बढ़ चढ़ कर भाग लिया। जिसमें ग्रामीणों ने आल्हागान के साथ विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा 8 के छात्र विनय कुमार ने प्रथम व शिवम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजयी छात्रों को पुरस्कार वितरित किये गये।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पुष्पादेवी, देवेन्द्र सिंह, सोवरन सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।