कंबल की आस में माया के जन्म दिन पर आयीं महिलायें बैंरग लौटी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: 2014 के चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए मनाया गया माया का 57वां जन्म दिन में भीड़ जुटाने के लिए महिलाओं व अन्य लोगों को कंबल देने की बात कहकर इकट्ठा किया गया। जोनल कोआर्डीनेटर भीड़ देखकर गदगद तो हुए लेकिन महिलायें तो बगैर कंबल लिये ही लौट गयीं।

माया के जन्म दिन कार्यक्रम पर भीड़ जुटाने के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को लगाया गया था। कार्यकर्ता अपने को साबित करने के चक्कर में ग्रामीण महिलाओं व अन्य लोगों को कंबल देने का झांसा देकर कार्यक्रम स्थल तक लेकर आये। कार्यक्रम के प्रारंभ से अंत तक भीड़ टकटकी लगाये मंच की तरफ निहारती रही और धीरे धीरे पूरा कार्यक्रम समाप्त हो गया लेकिन महिलाओं व उम्मीद लगाये लोगों को कंबल नसीब नहीं हुए।

भान नगर की भोजरानी व अर्राह पहाड़पुर की लज्जावती ने आरोप लगाया कि उसे कंबल दिलवाने का लालच देकर इस कार्यक्रम में बुलाया गया था। लेकिन कंबल नही दिये गये। भोजरानी व लज्जावती के अलावा सैकड़ों महिलायें कंबल की आस में अपना सा मुहं लेकर वापस हो गयीं।

इस सम्बंध में बसपा जिलाध्यक्ष अजय भारती ने बताया कि कंबल बांटने का कार्यक्रम था लेकिन अपात्रों की संख्या अधिक होने की बजह से कंबल नहीं बांटे गये। आगे कार्यक्रम में कंबल बांट दिये जायेंगे।