जुबां पे दर्द भरी दास्तां चली आयी – अधिकारियों से परेशान सपाई

Uncategorized

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही सपाइयों के अंदर एक उमंग इस बात को लेकर कार्यकर्ताओं में पैदा हो गयी कि अब प्रशासन में उनकी हनक दोबारा आयेगी, लेकिन सरकार आने के बाद सपाइयों का दबाव प्रशासन पर बनता नजर नहीं आ रहा है। जिसको लेकर सपाइयों में काफी रोष है। सपा कार्यालय पर हुए बुधवार को कार्यकर्ता बैठक में इस बात का मुद्दा पूरे जोरदारी से उठा। जहां सपाइयों ने कहा कि हम अब नाजायज काम तो नहीं लेकिन जायज काम तो प्रशासन से करा ही सकते हैं। इतना तो सरकार बनने पर होगा ही।

सपा सरकार बने जहां नौ माह का समय पूरा होने जा रहा है तो वहीं कार्यकर्ता अंदर ही अंदर घुटन सी महसूस करने लगे हैं। सपा के कार्यकर्ता जिस बात को लेकर पिछले कई वर्षों से सरकार बनने के इंतजार में बैठे रहे वहीं अब उनके मंसूबों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। प्रशासन द्वारा सपाइयों की न सुनना अब सपाइयों को खटकने लगा है। ऐसे में पुराना गीत ‘‘जुबां पे दर्द भरी दास्तां चली आयी’’ याद आ जाता है। जब वर्षों पुराना दर्द सपाइयों के अंदर से जुबां पर आ गया। हर सपा कार्यकर्ता जहां पूर्व में प्रशासन पर अपनी पकड़ बनाकर अपना दब दबा कायम किये रहता था, अखिलेश राज में इस तरह का कृत्य करने पर खासी मनाही है। सपाई अपने मन मुताबिक काम प्रशासनिक अधिकारियों से नहीं करा पा रहे हैं। वहीं प्रशासन के आला अधिकारियों द्वारा सपाइयों को लिफ्ट कम मारने की टीस देखते बनती है।

बीते दिन राजेपुर आये लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के सामने भी इस दर्द को सपाइयों ने बढ़ चढ़ कर वयां किया। लेकिन शिवपाल ने भी अपने शब्द वाणों से ही अधिकारियों को धमकाकर सपाइयों को शांत कर दिया और चलता हो लिये। दो चार घंटे तो उनके शब्दों का गुंजायमान शायद अधिकारियों में रहा हो लेकिन बाद में गाड़ी फिर पुराने ढर्रे पर आ गयी। बुधवार को सपा कार्यालय में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में बढ़ चढ़ कर इस बात को रखा गया कि इस समय अधिकारी सपाइयों की नहीं सुन रहे हैं। जो काफी निंदनीय है। फिलहाल अपने को सांत्वना देकर सपाइयों ने कहा कि कम से कम सही काम तो हम लोग अधिकारियों से करा ही सकते हैं। बैठक में बूथ कमेटियों के गठन को रणनीति तैयार की गयी। इस दौरान जन समस्या निस्तारण दिवस में आयीं राजस्व विभाग, विद्युत एवं जिला पूर्ति कार्यालय से जुड़ी समस्या का निस्तारण किया गया।

बैठक में जिला महासचिव समीर यादव, जिला सचिव सर्वेश बाल्मीक, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मंदीप यादव, उपाध्यक्ष शाबिर अली, महासचिव अनुपम प्रजापति, कोषाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, राजीव सिंह गंगोली, रोहित कश्यप, अवनीश दीक्षित, तौफीक खां, सोमनाथ यादव, ताराचंद बाथम, संजय गुप्ता, विमल यादव, डा0 रामकृष्ण कुशवाह, संजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।