27 लोगो की जेल में मौत: भारतीय कैदियों ने कोलम्बो जेल से भेजे एसएमएस

Uncategorized

नई दिल्ली| श्रीलंका की सबसे बड़ी जेल में कैद भारतीय कैदियों ने अपनी जान के भय से एक एसएमएस भेजा है। जेल परिसर में शुक्रवार रात भड़के एक भयानक दंगे में अबतक कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है। वेलिकाडा जेल से शुक्रवार लगभग आधी रात को आईएएनएस को भेजे एक संदेश में कहा गया है, “कृपया हमारी जान बचा लें। हम संकट में हैं। कृपया हमारी मदद करें। संदेश में कहा गया है कि जेल में शुक्रवार शाम उस समय संकट पैदा हुआ, जब श्रीलंकाई कैदियों के एक वर्ग ने स्पष्टतौर पर मांग की कि या तो उन्हें रिहा किया जाए या फांसी पर लटका दिया जाए।

एसएमएस में कहा गया है कि विद्रोह पर उतारू श्रीलंकाई कैदियों ने कारागार भंडार, सर्जरी कक्ष और रसोई को नष्ट कर दिया। एसएमएस में ये भी कहा गया है, जेल में कोई दवा व भोजन नहीं है। वेलिकाडा जेल में कैद 39 भारतीयों की ओर से भेजे गए संदेश में कहा गया है, हमारे जान की कोई गारंटी नहीं है। कभी भी कुछ भी घट सकता है। हम सभी पीड़ित हैं। एक अन्य मोबाइल फोन के जरिए भारतीय कैदियों ने जेल के दंगे की एक छोटी धुंधली वीडियो क्लिप भी भेजी है, जिसमें परिसर से धुंआ उठता हुआ दिखाया गया है।

यह वीडियो स्पष्टतौर पर किसी मोबाइल फोन से उतारा गया है। इसमें तमिल भाषा में ‘एडि, एडि, एडि’ की चीख भी है, जिसका हिंदी में अर्थ ‘उन्हें मारो, उन्हें मारो, उन्हें मारो’ होता है। इसके अलावा इसमें आंसू गैस और सेना के संदर्भ भी शामिल हैं। एसएमएस में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मृतकों में केवल श्रीलंकाई ही हैं या और भी, और क्या किसी भारतीय कैदी को भी किसी तरह का नुकसान पहुंचा है।

श्रीलंकाई अधिकारियों ने कोलम्बो में भारतीय राजनयिकों को बताया है कि सभी भारतीय कैदी सुरक्षित हैं।